निवेश पर 8.2% तक ब्याज, दांव लगाने से पहले बनाएं प्लान वर्ना बढ़ेगी टेंशन
सरकार ने एक अप्रैल से शुरू पहली तिमाही के लिए पीपीएफ और एनएससी समेत विभिन्न छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया। यह लगातार आठवीं तिमाही है जब ब्याज दर को यथावत रखा गया है।

Small savings schemes: नए फाइनेंशियल ईयर की शुरुआत हो चुकी है। इस फाइनेंशियल ईयर के दौरान अगर आप छोटी बचत योजनाओं में निवेश की योजना बना रहे हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। आइए डिटेल में जान लेते हैं।
छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दर में बदलाव नहीं
सरकार ने एक अप्रैल से शुरू पहली तिमाही के लिए पीपीएफ और एनएससी समेत विभिन्न छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया। यह लगातार आठवीं तिमाही है जब ब्याज दर को यथावत रखा गया है। सबसे अधिक ब्याज दर की बात करें तो सुकन्या समृद्धि की है। सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत जमा पर 8.2 प्रतिशत की ब्याज दर लागू रहेगी जबकि तीन वर्षीय सावधि जमा पर ब्याज दर वर्तमान तिमाही के समान ही 7.1 प्रतिशत रहेगी।
इसके अलावा, सार्वजनिक भविष्य निधि (पीपीएफ) और डाकघर बचत जमा योजनाओं पर ब्याज दरें क्रमशः 7.1 प्रतिशत और चार प्रतिशत पर ही बनी रहेंगी। वहीं, किसान विकास पत्र पर ब्याज दर 7.5 प्रतिशत होगी और निवेश 115 माह में मैच्योर होगा। राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (एनएससी) पर अप्रैल-जून तिमाही के लिए ब्याज दर 7.7 प्रतिशत पर बरकरार रहेगी। मासिक आय योजना पर भी मौजूदा तिमाही की तरह, आगामी वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भी निवेशकों को 7.4 प्रतिशत का ब्याज मिलेगा।
जो निवेशक ज्यादा जोखिम नहीं लेना चाहते, उनके लिए ये योजनाएं बाजार से जुड़े उत्पादों के मुकाबले एक सुरक्षित और स्थिर विकल्प बनी हुई हैं। हालांकि, लॉक-इन पीरियड ज्यादा होने से निवेशक संकोच में आ जाते हैं। उदाहरण के लिए, सुकन्या और PPF के लिए लॉक-इन पीरियड 15 साल है। ऐसे में निवेश से पहले मंथन कर लेना जरूरी है। जल्दबाजी में निवेश करने के बजाय हमेशा आगे की सोचना बेहतर होता है।
अपने निवेश को अपने लक्ष्यों से मिलाएं
अगर आप छोटी बचत योजनाओं में निवेश की सोच रहे हैं तो इससे पहले अपने लक्ष्य की योजना बना लें। हर स्कीम को अलग तरह से डिजाइन किया जाता है, इसलिए सही स्कीम चुनना आपके निजी लक्ष्यों पर निर्भर करता है। पैसे लॉक करने से पहले अपनी लिक्विडिटी जांच लें। कई बार लोग बहुत ज्यादा पैसे लंबे समय के लिए लॉक कर देते हैं। हालांकि, छोटी बचत योजनाएं सुरक्षित होती हैं लेकिन उनमें से पैसे आसानी से निकाले नहीं जा सकते। सुनिश्चित करें कि आपके पास रोजमर्रा के खर्चों और आपात स्थितियों के लिए पर्याप्त पैसे हों। इससे आपको मुश्किल समय में अपना निवेश तोड़ने या लोन लेने से बचने में मदद मिलती है।




साइन इन