बिक गई रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, वैल्यूएशन देख उछल पड़े IPL से जुड़े ये 2 शेयर
इस डील के बाद बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अन्य टीमों जैसे लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद की वैल्यूएशन में भी तेजी से री-रेटिंग देखने को मिल सकती है। यही वजह है कि इससे जुड़े शेयरों में तेजी आई।

RPSG Ventures share: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की बिक्री से जुड़ी खबर के बीच भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 25 मार्च को आईपीएल फ्रेंचाइजी से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त हलचल देखने को मिली। ट्रेडिंग के दौरान शेयर बाजार में लिस्ट कंपनी- RPSG वेंचर्स और सन टीवी नेटवर्क के शेयरों में बड़ा उछाल आया। बता दें कि RPSG वेंचर्स के पास आईपीएल की टीम लखनऊ सुपर जायंट्स की ऑनरशिप है। वहीं, सन टीवी के पास सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का मालिकाना हक है। RPSG ग्रुप ने नवंबर 2021 में लखनऊ फ्रेंचाइजी को 7,090 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह फ्रेंचाइजी RPSG स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के ज़रिए चलाई जाती है।
किस शेयर के क्या हाल?
RPSG वेंचर्स के शेयर बीएसई पर लगभग 19% तक उछलकर ₹726.20 तक पहुंच गए। एक दिन पहले ही यह शेयर 526.30 रुपये के निचले स्तर तक आ गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का लो भी है। वहीं, सन टीवी के शेयर भी करीब 5% चढ़कर ₹649.40 के स्तर तक पहुंचे। हालांकि, सन टीवी के शेयर में मुनाफावसूली भी देखी गई और यह निगेटिव जोन में ट्रेड करने लगा।
शेयर में तेजी की वजह?
यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) ने मंगलवार को घोषणा की कि उसने आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को आदित्य बिड़ला ग्रुप, द टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन के एक गठजोड़ को 16,660 करोड़ रुपये (1.78 अरब डॉलर)के नकद सौदे में बेच दिया है। इस डील के बाद बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अन्य टीमों जैसे लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद की वैल्यूएशन में भी तेजी से री-रेटिंग देखने को मिल सकती है।
डील की डिटेल
इस डील में आरसीबी की पुरुष और महिला दोनों टीमों को शामिल किया गया है। यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड की बात करें तो यह ब्रिटेन की डियाजियो की सहायक कंपनी है और वह अब आरसीबी से बाहर निकलना चाहती है क्योंकि यह टीम उनके मुख्य व्यवसाय का हिस्सा नहीं थी। डील के तहत आदित्य बिड़ला ग्रुप के निदेशक आर्यमान विक्रम बिड़ला को आरसीबी का चेयरमैन (प्रमुख) बनाया जाएगा, जबकि टाइम्स ऑफ इंडिया के सत्यन गजवानी उनके उप प्रमुख होंगे।
हालांकि, अभी इस प्रपोजल को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) और आईपीएल संचालन समिति के साथ-साथ महिला प्रीमियर लीग और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग से औपचारिक मंजूरी मिलनी बाकी है। बता दें कि आरसीबी की टीम के प्रमुख चेहरा विराट कोहली हैं। पिछले साल आरसीबी की टीम 18 साल के टूर्नामेंट इतिहास में पहली बार आईपीएल चैंपियन बनी थी।




साइन इन