कतर की कंपनी ने अडानी ग्रुप की इस कंपनी के बेच दिए 643 करोड़ रुपये के शेयर, सोमवार को फोकस में रहेगा स्टॉक
Adani Energy Solutions Ltd: अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। कतर होल्डिंग एलएलसी ने 643 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए हैं।

Adani Energy Solutions Ltd Share Price: कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी से संबद्ध कतर होल्डिंग एलएलसी ने खुले बाजार में सौदे के जरिए अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के 48.05 लाख शेयर 643 करोड़ रुपये में बिड़ला म्यूचुअल फंड को बेच दिए हैं। एसई पर थोक सौदों के बारे में उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, कतर होल्डिंग एलएलसी ने शुक्रवार को 48,05,974 शेयरों को 1,339 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर बेचा। यह कंपनी में 0.40 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। इस दौरान, बिड़ला म्यूचुअल फंड ने इतने ही शेयर उसी कीमत पर खरीद लिए। इस खबर के सामने आने के बाद अब सोमवार यानी कल शेयर बाजारों में अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयर फोकस में रहेंगे।
कंपनी की वित्तीय स्थिति कैसी है? (Adani Energy Solutions Ltd Q4 Results)
अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस ने तिमाही नतीजों का ऐलान पिछले महीने किया था। कंपनी ने दी जानकारी में बताया था कि जनवरी से मार्च 2026 के दौरान कुल नेट प्रॉफिट 723 करोड़ रुपये है। सालाना आधार पर कंपनी के नेट प्रॉफिट में 1.3 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। एक साल पहले इसी मार्च तिमाही के दौरान अडानी ग्रुप की इस कंपनी का नेट प्रॉफिट 714 करोड़ रुपये रहा था।
जनवरी से मार्च 2026 के दौरान कंपनी की इनकम 7588.08 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले मार्च क्वार्टर के दौरान कंपनी की कुल कमाई 6596.39 करोड़ रुपये रहा था। बता दें, वित्त वर्ष 2026 में अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस का नेट प्रॉफिट 2392.75 करोड़ रुपये रहा था। यानी पिछले वित्त वर्ष की तुलना में दो गुना बढ़ गया है। तब कंपनी का नेट प्रॉफिट 921.69 करोड़ रुपये रहा था।
शेयरों का प्रदर्शन कैसा? (Adani Energy Solutions Ltd Share Performance)
शुक्रवार को अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयर बीएसई में 2 प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ 1368 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे। पिछले तीन महीने के दौरान इस कंपनी के शेयरों की कीमतों में 37 प्रतिशत की तेजी आई है। वहीं, 6 महीने में अडानी ग्रुप का यह स्टॉक 40 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न दिया है। बता दें, एक साल में अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस का शेयर 55 प्रतिशत का रिटर्न देने में सफल रहा है। इस दौरान सेंसेक्स इंडेक्स में 6.84 प्रतिशत की गिरावट आई है।
अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस का 52 वीक हाई 1463 रुपये और 52 वीक लो लेवल 745.45 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 1.64 लाख करोड़ रुपये का है।
10 साल में 4691% चढ़ा भाव
बीते 3 साल के दौरान अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयरों की कीमतों में 65 प्रतिशत की तेजी आई है। वहीं, 10 साल में यह स्टॉक 4691 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।




साइन इन