PM नरेंद्र मोदी की बड़ी अपील! पेट्रोल-डीजल की बचत करें देशवासी, क्या देश पर मंडरा रहा तेल का संकट?
PM Modi on petroleum crisis: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन के बचत की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए पेट्रोल, डीजल और गैस का इस्तेमाल बेहद सोच-समझकर करना जरूरी हो गया है।

PM Modi on petroleum crisis: भारत में बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच पेट्रोल और डीजल को लेकर चिंता गहराने लगी है। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित एक बड़ी जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन की बचत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए पेट्रोल, डीजल और गैस का इस्तेमाल बेहद सोच-समझकर करना जरूरी हो गया है। पीएम मोदी ने साफ कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों का अनावश्यक उपयोग रोकना आज देशहित में सबसे बड़ा कदम है।
हॉर्मुज स्ट्रेट में तनाव के कारण कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित
दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते टकराव ने वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता बढ़ा दी है। खासतौर पर हॉर्मुज स्ट्रेट में तनाव के कारण कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने का खतरा मंडरा रहा है। यह समुद्री मार्ग दुनिया में तेल आपूर्ति का सबसे अहम रास्ता माना जाता है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय संकट का असर सीधे देश की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका भी जताई जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अगर देश के लोग ईंधन की बचत करेंगे, तो इससे विदेशी मुद्रा पर दबाव कम होगा और अंतरराष्ट्रीय संकट के असर को भी काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि आज ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक जरूरत नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी भी है। पीएम का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दुनिया भर में तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है।
हालांकि, सरकार केवल लोगों से बचत की अपील ही नहीं कर रही, बल्कि वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों पर भी तेजी से काम कर रही है। पीएम मोदी ने बताया कि भारत सौर ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा देकर आयातित तेल पर निर्भरता कम करने की कोशिश की जा रही है। सरकार का लक्ष्य आने वाले सालों में ऊर्जा के स्वदेशी विकल्पों को मजबूत करना है।
तेलंगाना को 9,400 करोड़ की विकास परियोजनाएं
इस दौरान प्रधानमंत्री ने तेलंगाना के लिए करीब 9,400 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इनमें वारंगल का काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क सबसे खास रहा, जिसे देश का पहला पूरी तरह कार्यशील पीएम मित्र पार्क बताया जा रहा है। इसके जरिए कपड़ा उद्योग को नई गति मिलने और हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा पीएम मोदी ने हैदराबाद में नए पेट्रोलियम टर्मिनल, सड़क चौड़ीकरण और रेलवे परियोजनाओं की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि सरकार अब एलपीजी के साथ-साथ PNG और CNG नेटवर्क को भी तेजी से बढ़ा रही है, ताकि लोगों को सस्ता और सुरक्षित ईंधन उपलब्ध कराया जा सके।




साइन इन