Paytm के शेयर पर सोमवार को रहेगी नजर, एक साल से निवेशकों की है चांदी
भारतीय रिजर्व बैंक ने इसकी सहयोगी कंपनी पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है। हालांकि, पेटीएम की पैरेंट कंपनी One 97 कम्युनिकेशंस के शेयर सोमवार, 27 अप्रैल को फोकस में रहने वाले हैं।

Paytm share: पेटीएम की पैरेंट कंपनी One 97 कम्युनिकेशंस के शेयर सोमवार, 27 अप्रैल को फोकस में रहने वाले हैं। दरअसल, भारतीय रिजर्व बैंक ने इसकी सहयोगी कंपनी पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (PPBL) का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है। हालांकि, पेटीएम ने स्टॉक एक्सचेंजों को एक स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि इस नियामक कार्रवाई से उसके कामकाज या कारोबार में कोई रुकावट नहीं आएगी।
शेयर का परफॉर्मेंस
बीते शुक्रवार को पेटीएम के शेयर 1.05% गिरकर 1,147.35 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए। लंबे समय के नजरिए से देखें तो यह शेयर पॉजिटिव रिटर्न दे चुका है। एक साल की अवधि में इस शेयर में 31% से ज्यादा की बढ़त हुई है। हालांकि, पेटीएम के शेयर आईपीओ इश्यू प्राइस से अब भी डिस्काउंट पर है। साल 2021 में लॉन्च इस आईपीओ का इश्यू प्राइस 2150 रुपये था। शेयर की कीमत आज तक इस स्तर तक नहीं जा सकी है।
आरबीआई की कार्रवाई
बता दें कि भारतीय रिजर्व बैंक ने नियमों के उल्लंघन के मामले में पेटीएम पेमेंट्स बैंक का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है। केंद्रीय बैंक ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि 24 अप्रैल 2026 को कारोबार की समाप्ति से लाइसेंस रद्द करने का उसका आदेश प्रभावी हो गया है। बता दें कि रिजर्व बैंक ने 11 मार्च 2022 से पेटीएम पेमेंट्स बैंक के नये ग्राहक बनाने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
इसके बाद 31 जनवरी 2024 और 16 फरवरी 2024 को उसके कुछ कारोबारों को प्रतिबंधित कर दिया गया था जिसमें मौजूदा ग्राहकों से जमा, क्रेडिट या टॉपअप स्वीकार न करना भी शामिल है। इस प्रकार पिछले सवा दो साल से ग्राहक सिर्फ पेटीएम पेमेंट्स बैंक से पैसे निकाल सकते थे, उसमें जमा नहीं कर सकते थे।
बैंक को बंद करने के लिए आवेदन
आरबीआई ने कहा कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक के पास सभी ग्राहकों को उनकी जमा राशि वापस करने के लिए पर्याप्त नकदी है। अगली प्रक्रिया के तहत वह बैंक को बंद करने के लिए उच्च न्यायालय के समक्ष आवेदन करेगा।
आरबीआई के अनुसार, पेटीएम पेमेंट्स बैंक का संचालन जिस प्रकार से हो रहा था वह बैंक और जमाकर्ता दोनों के लिए नुकसानदेह था और प्रबंधन का आम चरित्र जमाकर्ताओं और आम लोगों के प्रति पूर्वाग्रह से ग्रस्त था। इसलिए उसे बैंकिंग जारी रखने देना किसी भी प्रकार से जनहित में नहीं था। इन्हीं कारणों को देखते हुए पहले बैंक पर प्रतिबंध लगाये गए थे और अब उसका बैंकिंग लाइसेंस रद्द किया गया है।
पेटीएम की सफाई
पेटीए ने कहा कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक में उसका कोई निवेश नहीं है और न ही उसका कोई बड़ा कारोबारी समझौता है। कंपनी ने अपने मुख्य कामकाज और पेमेंट्स बैंक के बीच एक साफ लकीर खींचते हुए पेटीएम पेमेंट्स बैंक को एक 'अलग इकाई' बताया, जो पूरी तरह से स्वतंत्र रूप से काम करती है और जिसमें बोर्ड या मैनेजमेंट का कोई दखल नहीं है।
कंपनी पर इसका कोई सीधा वित्तीय असर नहीं पड़ेगा क्योंकि जैसा कि पहले ही बताया जा चुका है। कंपनी ने 31 मार्च 2024 तक पेटीएम पेमेंट्स बैंक में अपने निवेश को पहले ही बट्टे खाते में डाल दिया था। कंपनी ने यह भी बताया कि उसकी सेवाएं, जिनमें पेटीएम ऐप, पेटीएम UPI, पेटीएम QR, पेटीएम साउंडबॉक्स, कार्ड मशीनें और पेटीएम मनी शामिल हैं, बिना किसी रुकावट के चलती रहेंगी।




साइन इन