रिलायंस जियो IPO पर मुकेश अंबानी ने दिया बड़ा अपडेट, निवेशकों को जानना जरूरी
रिलायंस जियो के आईपीओ का इंतजार कर रहे हैं तो ये खबर आपके लिए है। दरअसल, कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए कदम बढ़ा दिए हैं। यह इश्यू बिक्री पेशकश के रूप में होगा, जिसमें कई मौजूदा विदेशी निवेशक अपनी हिस्सेदारी कम करने की तैयारी कर रहे हैं।

Reliance Jio IPO: मुकेश अंबानी की टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो के आईपीओ का इंतजार कर रहे हैं तो ये खबर आपके लिए है। दरअसल, कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए कदम बढ़ा दिए हैं। रिलायंस के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि जियो अपने पैरेंट प्लेटफॉर्म की लिस्टिंग की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
अंबानी ने कहा- जियो को मोबिलिटी, होम ब्रॉडबैंड और एंटरप्राइज सेवाओं में लगातार अच्छी बढ़त मिल रही है। इससे पूरे साल मजबूत ग्रोथ को सहारा मिला है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हम जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। जैसे-जैसे कंपनी का विस्तार होगा, यह लिस्टिंग एक अहम कदम साबित होगी। मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो भारत के डिजिटल आउटलुक को लगातार बदल रहा है और इसके मुख्य सेगमेंट्स में बनी हुई गति के कारण एबिटा में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है।
कब तक लिस्टिंग की उम्मीद?
बता दें कि जियो प्लेटफॉर्म्स अपने बहुप्रीतिक्षित आईपीओ के लिए अगले कुछ दिन में सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर सकती है। यह संभवत: देश का अबतक का सबसे बड़ा आईपीओ होगा। बाजार सूत्रों के अनुसार, यह इश्यू बिक्री पेशकश के रूप में होगा, जिसमें कई मौजूदा विदेशी निवेशक अपनी हिस्सेदारी कम करने की तैयारी कर रहे हैं।
पिछले साल अलग-अलग रिपोर्ट में, जेफरीज ने जियो का मूल्यांकन 180 अरब डॉलर आंका था जबकि जेपी मॉर्गन ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के दूरसंचार और डिजिटल कारोबार को संभालने वाली जियो प्लेटफॉर्म्स का मूल्यांकन 136 अरब डॉलर बताया था। जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर बाजार में 2026 की पहली छमाही में सूचीबद्ध होने की उम्मीद है। फेसबुक (अब मेटा) के पास जियो प्लेटफॉर्म्स में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि गूगल के पास 7.7 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
जियो प्लेटफॉर्म्स के तिमाही नतीजे
वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में जियो प्लेटफॉर्म्स का मुनाफा 13 प्रतिशत बढ़कर 7,935 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की समान (जनवरी-मार्च) तिमाही में 7,022 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 12.5 प्रतिशत बढ़कर 38,259 करोड़ रुपये हो गई जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 33,953 करोड़ रुपये थी। रिलायंस जियो को संचालित करने वाली इस कंपनी की प्रति उपयोगकर्ता औसत आय (एआरपीयू) भी बढ़ी है। 2025-26 की चौथी तिमाही में यह 3.8 प्रतिशत बढ़कर 214 रुपये हो गई जो 2024-25 की समान तिमाही में 206.2 रुपये थी।
जियो प्लेटफॉर्म्स ने परिचालन लाभ में सालाना आधार पर 17.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जो मार्च 2025 तिमाही के 17,016 करोड़ रुपये से बढ़कर 20,060 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान मार्जिन भी 2.3 प्रतिशत सुधरकर 52.4 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 50.1 प्रतिशत था।




साइन इन