नए इनकम टैक्स नियम: HRA छूट में बदलाव और सैलरीड कर्मचारियों पर क्या पड़ेगा प्रभाव?
Income Tax Rules 2026: वित्त वर्ष 2026-27 से लागू होने वाले नए इनकम टैक्स नियमों ने खासतौर पर सैलरीड कर्मचारियों के लिए कई अहम बदलाव किए हैं। सैलरीड कर्मचारियों के लिए HRA छूट के नए नियम, फॉर्म 124 अनिवार्य और टैक्स फाइलिंग में बड़े बदलाव जानिए।

वित्त वर्ष 2026-27 से लागू होने वाले नए इनकम टैक्स नियमों ने खासतौर पर सैलरीड कर्मचारियों के लिए कई अहम बदलाव किए हैं। सरकार द्वारा अधिसूचित इन नियमों का सीधा असर हाउस रेंट अलाउंस (HRA), टैक्स फाइलिंग प्रक्रिया और पारदर्शिता पर पड़ेगा। इन नियमों को 1 अप्रैल 2026 से लागू कर दिया जाएगा, यानी इसका पालन टैक्सपेयर्स को जुलाई 2027 में आयकर रिटर्न भरते समय करना होगा।
HRA छूट में बड़ा बदलाव
नए नियमों के तहत सबसे बड़ा बदलाव HRA छूट से जुड़ा है, जो सैलरीड क्लास के लिए राहत और जिम्मेदारी दोनों लेकर आया है। अब सरकार ने देश के आठ प्रमुख शहरों मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और अहमदाबाद को ज्यादा HRA छूट के लिए शामिल किया है। इन शहरों में रहने वाले कर्मचारियों को वेतन का 50 प्रतिशत तक HRA छूट मिल सकती है, जबकि अन्य शहरों के लिए यह सीमा 40 प्रतिशत रहेगी।
HRA छूट की गणना कैसे होगी
हालांकि, HRA छूट की गणना पहले की तरह तीन शर्तों के आधार पर ही होगी और इनमें से जो राशि सबसे कम होगी, वही छूट के रूप में मान्य होगी। इसमें कर्मचारी को मिलने वाली वास्तविक HRA, दिए गए किराए में से वेतन का 10 प्रतिशत घटाने के बाद की राशि, और शहर के आधार पर 50 या 40 प्रतिशत वेतन शामिल है।
मकान मालिक से अपने रिश्ते की जानकारी देना जरूरी
नए नियमों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव यह किया गया है कि अब कर्मचारियों को HRA क्लेम करते समय मकान मालिक से अपने रिश्ते की जानकारी देना अनिवार्य होगा। इसके लिए फॉर्म 124 लागू किया गया है, जो पहले के फॉर्म 12BB की जगह लेगा। इसका उद्देश्य फर्जी किराये के क्लेम पर रोक लगाना और टैक्स सिस्टम को अधिक पारदर्शी बनाना है।
ये लोग रहें बेहद सावधान
अगर कोई कर्मचारी अपने माता-पिता या अन्य परिवार के सदस्य को किराया देकर HRA छूट लेना चाहता है, तो अब उसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत होगी। ऐसे मामलों में रेंट एग्रीमेंट होना जरूरी है और किराये का भुगतान बैंकिंग माध्यम से करना बेहतर माना जाएगा। साथ ही, मकान मालिक को इस आय को अपनी आय में दिखाना और उस पर टैक्स देना भी अनिवार्य होगा।
निवेश और शेयर बाजार से जुड़े नए नियम क्या कहते हैं
इन बदलावों के अलावा, निवेश और शेयर बाजार से जुड़े नियमों में भी स्पष्टता लाई गई है, जिससे सैलरीड निवेशकों को फायदा होगा। अब मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंज के लिए SEBI की मंजूरी जरूरी होगी और सभी लेन-देन का रिकॉर्ड लंबे समय तक रखना होगा, जिससे निवेश प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनेगी।
नए नियमों का उद्देश्य क्या है
सरकार के इन नए नियमों का उद्देश्य टैक्स सिस्टम को सरल, पारदर्शी और वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाना है। हालांकि सैलरीड कर्मचारियों के लिए इसका मतलब यह भी है कि अब टैक्स क्लेम करते समय ज्यादा सावधानी और सही दस्तावेज रखना जरूरी होगा।
कुल मिलाकर, इनकम टैक्स रूल्स 2026 सैलरीड क्लास के लिए एक बड़ा बदलाव लेकर आए हैं, जिसमें राहत के साथ-साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी है। सही जानकारी और दस्तावेजों के साथ ही टैक्स प्लानिंग करना अब पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है।




साइन इन