शेयर बाजार में लिस्टेड गेमिंग कंपनी की 2 बड़ी डील, शेयर पर फिदा हैं निवेशक
नजारा टेक्नोलॉजीज की ब्रिटिश अनुषंगी ने स्पेन के सोशल गेमिंग प्लेटफॉर्म ब्लूटाइल गेम्स और बेस्टप्ले सिस्टम्स में 50 प्रतिशत नियंत्रण हिस्सेदारी 10.03 करोड़ डॉलर (करीब 918 करोड़ रुपये) में खरीदने का फैसला किया है।

विविध गेमिंग क्षेत्रों और स्पोर्ट्स मीडिया में सक्रिय नजारा टेक्नोलॉजीज की ब्रिटिश अनुषंगी ने स्पेन के सोशल गेमिंग प्लेटफॉर्म ब्लूटाइल गेम्स और बेस्टप्ले सिस्टम्स में 50 प्रतिशत नियंत्रण हिस्सेदारी 10.03 करोड़ डॉलर (करीब 918 करोड़ रुपये) में खरीदने का फैसला किया है। कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कुल राशि में से 5.97 करोड़ डॉलर (लगभग 546 करोड़ रुपये) का भुगतान पहली किस्त में किया जाएगा। बाकी 4.06 करोड़ डॉलर (करीब 372 करोड़ रुपये) का भुगतान उसके छह महीने के भीतर किया जाएगा।
इस अधिग्रहण में प्रदर्शन-आधारित अतिरिक्त भुगतान भी शामिल हैं जिनकी अनुमानित राशि 9.82 करोड़ डॉलर (करीब 898 करोड़ रुपये) है। यह 2028 से 2030 के बीच तब दिया जाएगा जब 2027–2029 के लिए तय राजस्व और कर-पूर्व आय के लक्ष्य पूरे होंगे। यह अधिग्रहण सौदा नियामकीय मंजूरी मिलने पर छह महीने के भीतर पूरा होने की संभावना है।
क्या कहा कंपनी के सीईओ ने?
नजारा टेक्नोलॉजीज के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नीतीश मितरसेन ने कहा-ब्लूटाइल और बेस्टप्ले का अधिग्रहण हमारे वैश्विक गेमिंग मंच के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इन कंपनियों ने गेम डेवलपमेंट, खिलाड़ियों को जोड़ने और वितरण में अपनी क्षमता साबित की है। उनके संचालन में एआई को रणनीतिक लाभ के रूप में इस्तेमाल किया गया है। ब्लूटाइल के पोर्टफोलियो में यात्जी, डोमिनो लीजेंड्स और महजोंग वॉएज जैसे शौकिया मोबाइल गेम शामिल हैं। वहीं बेस्टप्ले मंच अतिरिक्त 22 लाख मासिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं को जोड़ता है। इन दोनों गेमिंग कंपनियों का संयुक्त राजस्व दिसंबर, 2025 तक के 12 महीनों में 15.36 करोड़ डॉलर (लगभग 1,405 करोड़ रुपये) रहा।
शेयर का परफॉर्मेंस
नजारा के शेयर की बात करें तो यह बुधवार को गुलजार रहा। सप्ताह के तीसरे दिन शेयर की कीमत में करीब 7 पर्सेंट की तेजी आई और यह 255.25 रुपये पर बंद हुआ। शेयर का ट्रेडिंग रेंज 260 रुपये से 238.40 रुपये के बीच रहा।
मॉर्गन स्टेनली का दांव
हाल ही में मॉर्गन स्टेनली एशिया सिंगापुर पीटीई ने गेमिंग फर्म नजारा टेक्नोलॉजीज में ब्लॉक डील के जरिए करीब 69.2 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक निवेश बैंक ने नजारा टेक्नोलॉजीज के 28.85 लाख शेयर 239.8 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदे। ये शेयर थिंक इंडिया अपॉर्चुनिटीज मास्टर फंड एलपी द्वारा बेचे गए, जिसने समान संख्या में शेयर उसी कीमत पर बेचे।
कंपनी के बारे में
नजारा टेक्नोलॉजीज, भारत की एकमात्र सूचीबद्ध गेमिंग कंपनी है, जो मोबाइल गेमिंग, ईस्पोर्ट्स, विज्ञापन तकनीक और बच्चों की एडुटेक सहित विविध गेमिंग और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म का संचालन करती है। कंपनी के पोर्टफोलियो में किडोपिया, एनिमल जैम, फ्यूज़बॉक्स गेम्स, वर्ल्ड क्रिकेट चैंपियनशिप और स्पोर्ट्सकीडा जैसे टाइटल और प्लेटफॉर्म शामिल हैं। इसके साथ ही फंकी मंकीज और स्मैश एंटरटेनमेंट जैसे ऑफलाइन गेमिंग ब्रांड भी हैं।




साइन इन