mukesh ambani led reliance gets US license to directly buy venezuelan crude oil अंबानी को US ने दी खुशखबरी, वेनेजुएला के कच्चे तेल की सीधी खरीद का मिला लाइसेंस, Business Hindi News - Hindustan
More

अंबानी को US ने दी खुशखबरी, वेनेजुएला के कच्चे तेल की सीधी खरीद का मिला लाइसेंस

गुजरात के जामनगर में दुनिया का सबसे बड़ा रिफाइनिंग परिसर संचालित करने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज अमेरिकी प्रतिबंध लगने से पहले वेनेजुएला के कच्चे तेल की नियमित खरीदार थी। हालांकि, 2019-20 में वेनेजुएला की मादुरो सरकार पर अमेरिकी प्रतिबंध लगाए जाने के बाद यह आयात रुक गया था।

Fri, 13 Feb 2026 05:56 PMDeepak Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
अंबानी को US ने दी खुशखबरी, वेनेजुएला के कच्चे तेल की सीधी खरीद का मिला लाइसेंस

उद्योगपति मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) को वेनेजुएला के कच्चे तेल की सीधी खरीद के लिए अमेरिका से लाइसेंस मिल गया है। इस अनुमति से देश की सबसे बड़ी निजी रिफाइनिंग कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज रियायती दर पर उपलब्ध भारी कच्चे तेल का आयात कर सकेगी। बता दें कि वेनेजुएला का कच्चा तेल गुजरात के जामनगर स्थित रिलायंस रिफाइनरी की संरचना के अनुकूल है और उसके रिफाइनिंग मार्जिन को बेहतर बना सकता है। हालांकि, वेनेजुएला से कच्चा तेल खरीदने का अमेरिकी लाइसेंस मिलने के बारे में रिलायंस इंडस्ट्रीज की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं की गई।

अमेरिका ने दी थी अनुमति

न्यूज एजेंसी पीटीआई सोर्सेज के मुताबिक जनवरी के अंत में अमेरिका ने कुछ अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को वेनेजुएला से सीधे तेल खरीदने की सामान्य अनुमति दी। इससे पहले अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण वेनेजुएला से सीधे तेल खरीद पर रोक लगी हुई थी और तेल की आपूर्ति कारोबारियों के माध्यम से हो रही थी। पिछले महीने अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को बंदी बनाकर अमेरिकी जेल में भेज दिए जाने के बाद से ही वेनेजुएला के कच्चे तेल की सीधी खरीद शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही थी। उसके बाद से अमेरिका ने अपने प्रतिबंधों को शिथिल भी कर दिया है।

पहले से खरीदार रही है कंपनी

गुजरात के जामनगर में दुनिया का सबसे बड़ा रिफाइनिंग परिसर संचालित करने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज अमेरिकी प्रतिबंध लगने से पहले वेनेजुएला के कच्चे तेल की नियमित खरीदार थी। हालांकि, 2019-20 में वेनेजुएला की मादुरो सरकार पर अमेरिकी प्रतिबंध लगाए जाने के बाद यह आयात रुक गया था। लेकिन वर्ष 2024 में मिली अस्थायी राहत के दौरान रिलायंस ने वेनेजुएला से तेल खरीदा था। इस साल कारोबारियों के जरिये तेल खरीद दोबारा शुरू होने पर रिलायंस ने विटॉल कंपनी से 20 लाख बैरल तेल खरीदा है। इस छूट का फायदा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने भी उठाया है। इन दोनों सरकारी तेल कंपनियों ने कुल मिलाकर 20 लाख बैरल कच्चा तेल वेनेजुएला से खरीदा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:16 फरवरी को बाजार में लिस्ट होगी HUL की कंपनी, इन निवेशकों को फ्री में शेयर
ये भी पढ़ें:स्टॉक मार्केट क्रैश, ₹7.40 लाख करोड़ स्वाहा... अचानक भूचाल के क्या हैं कारण?
ये भी पढ़ें:अडानी की झोली में आई 2 रुपये के शेयर वाली कंपनी, NCLT की हरी झंडी

पिछले हफ्ते ट्रंप ने क्या कहा था?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले हफ्ते कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस से तेल खरीद रोकने और अमेरिका सहित अन्य स्रोतों से तेल आयात बढ़ाने पर सहमति जताई है। सूत्रों ने कहा कि वेनेजुएला के प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल करना कच्चे तेल की खरीद के स्रोतों में विविधता लाने की भारतीय रणनीति का हिस्सा है। रूस से तेल का आयात घटने की संभावना के बीच वेनेजुएला का तेल महत्वपूर्ण हो जाता है। वेनेजुएला का ओरिनोको बेल्ट क्षेत्र अपने भारी और बहुत-भारी ग्रेड के कच्चे तेल के लिए जाना जाता है। इस ग्रेड के तेल की रिफाइनिंग के लिए रिलायंस की जामनगर रिफाइनरी पूरी तरह सक्षम मानी जाती है।

जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,