एक ही दिन में 3800 रुपये से ज्यादा चढ़ गए टायर कंपनियों के शेयर, सिएट ने किया 350% डिविडेंड का ऐलान
टायर कंपनियों के शेयर बुधवार को रॉकेट बन गए। टायर कंपनियों के शेयर एक ही दिन में 3800 रुपये से ज्यादा उछल गए हैं। कीमत के हिसाब से सबसे अधिक उछाल MRF के शेयरों में आया है। सिएट के शेयर 12% चढ़े हैं।

टायर कंपनियों के शेयरों में तूफानी तेजी आई है। टायर कंपनियों के शेयर बुधवार को एक ही दिन में 3800 रुपये से ज्यादा उछल गए हैं। अगर कीमत के हिसाब से बात करें तो सबसे अधिक उछाल एमआरएफ (MRF) के शेयरों में आया है। वहीं, पर्सेंटेज के हिसाब से देखें तो टायर कंपनी सिएट लिमिटेड के शेयर बुधवार को 12 पर्सेंट चढ़ गए हैं। जेके टायर, टीवीएस श्रीचक्र, अपोलो टायर्स, गुडईयर इंडिया और बालकृष्ण इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी बुधवार को 6 पर्सेंट तक की तेजी देखने को मिली है।
3884 रुपये उछल गए MRF के शेयर
टायर कंपनी एमआरएफ लिमिटेड (MRF) के शेयर बुधवार को एक ही दिन में 3,884.15 रुपये उछल गए हैं। एमआरएफ लिमिटेड के शेयर मंगलवार को BSE में 1,30,215.85 रुपये पर बंद हुए थे। टायर कंपनी के शेयर बुधवार को BSE में 1,34,100 रुपये पर जा पहुंचे हैं। एमआरएफ के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 1,63,500 रुपये है।
सिएट के शेयरों में 12% की तेजी
टायर कंपनी सिएट लिमिटेड के शेयर बुधवार को रॉकेट सा उड़ गए। सिएट के शेयर बुधवार को 12 पर्सेंट के उछाल के साथ 3946.70 रुपये पर पहुंच गए। सिएट लिमिटेड के शेयर बुधवार को 429.45 रुपये चढ़ गए हैं। RPG ग्रुप की कंपनी सिएट को चौथी तिमाही में 284 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। कंपनी की स्टैंडअलोन नेट सेल्स सालाना आधार पर 18 पर्सेंट बढ़कर 4036 करोड़ रुपये रही है। वहीं, तिमाही आधार पर कंपनी की नेट सेल्स में 2 पर्सेंट का उछाल आया है। सिएट ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए हर शेयर पर 350 पर्सेंट का डिविडेंड रिकमंड किया है। यानी, कंपनी हर शेयर पर 35 रुपये का डिविडेंड बांटेगी। चौथी तिमाही में सिएट का इबिट्डा 587 करोड़ रुपये रहा है, जबकि इबिट्डा मार्जिन तिमाही आधार पर 50 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 14.6 पर्सेंट रहा।
कुछ ऐसा रहा दूसरी टायर कंपनियों के शेयरों का हाल
टायर कंपनी जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज के शेयर बुधवार को 6 पर्सेंट के उछाल के साथ 424.80 रुपये पर पहुंच गए। टीवीएस श्रीचक्र लिमिटेड के शेयर भी बुधवार को BSE में 5 पर्सेंट की तेजी के साथ 4016 रुपये पर जा पहुंचे। अपोलो टायर्स लिमिटेड के शेयरों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयर उछाल के साथ 439.50 रुपये पर पहुंच गए हैं। गुडईयर इंडिया के शेयर भी 2 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 812 रुपये पर जा पहुंचे हैं। बालकृष्ण इंडस्ट्रीज के शेयर उछाल के साथ 2235.75 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं।




साइन इन