LPG पर आम लोगों के लिए राहत भरी खबर, ₹300 का फायदा भी मिलता रहेगा
हाल ही में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में ₹60 की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर अब ₹913 का हो गया है, जो पहले ₹853 का था। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की कीमतें बढ़ी हुई हैं।

LPG Price: रसोई गैस यानी LPG की कीमतों को लेकर आम लोगों के लिए फिलहाल थोड़ी राहत भरी खबर है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक हाल ही में बढ़ोतरी के बाद घरेलू LPG के दामों में तुरंत फिर से बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। सरकार फिलहाल मौजूदा प्राइसिंग सिस्टम को ही जारी रखने के पक्ष में है, ताकि आम उपभोक्ताओं पर ज्यादा बोझ न पड़े। खासकर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को अभी भी प्रति सिलेंडर ₹300 की सब्सिडी मिलती रहेगी, जिससे करीब 10.33 करोड़ परिवारों को राहत मिल रही है।
क्या है डिटेल
दरअसल, हाल ही में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में ₹60 की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर अब ₹913 का हो गया है, जो पहले ₹853 का था। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की कीमतें बढ़ी हुई हैं। इसके बावजूद सरकार का कहना है कि फिलहाल और बढ़ोतरी की जरूरत नहीं है।
सरकारी सूत्रों ने क्या कहा
सीएनबीसी टीवी 18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी सूत्रों का यह भी कहना है कि तेल विपणन कंपनियां यानी OMCs अभी घरेलू LPG की बिक्री पर पूरी तरह लागत नहीं निकाल पा रही हैं, यानी उन्हें कुछ नुकसान हो रहा है। लेकिन पहले हुई अच्छी कमाई के कारण कंपनियां फिलहाल इस दबाव को संभाल सकती हैं। इसी वजह से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी अभी कोई बदलाव करने की योजना नहीं है।
पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर
दिल्ली में पेट्रोल और डीजल के दाम अप्रैल 2022 से लगभग स्थिर हैं। जब कच्चे तेल की कीमतें ज्यादा होती हैं तो तेल कंपनियां कुछ नुकसान उठाती हैं और जब कीमतें कम होती हैं तो उन्हें मुनाफा होता है। सरकार का मानना है कि मौजूदा वैश्विक हालात में कंपनियां थोड़ा कम मुनाफा लेकर भी कीमतों को स्थिर रख सकती हैं। साथ ही यह उम्मीद भी जताई जा रही है कि ईरान के राष्ट्रपति के हालिया बयानों के बाद पश्चिम एशिया का तनाव कुछ कम हो सकता है।
कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी
दूसरी तरफ कमर्शियल LPG सिलेंडर यानी होटल, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर के दाम में भी बढ़ोतरी की गई है। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹114.5 बढ़कर दिल्ली में ₹1,883 हो गई है। इससे पहले 1 मार्च को भी इसमें ₹28 की बढ़ोतरी हुई थी। इस साल अब तक कमर्शियल LPG के दाम कुल मिलाकर ₹302.50 बढ़ चुके हैं।
भारत में LPG की मांग काफी तेजी से बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2024-25 में देश में करीब 31.3 मिलियन टन LPG की खपत हुई, जबकि घरेलू उत्पादन सिर्फ 12.8 मिलियन टन ही रहा। यानी देश को अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करना पड़ता है। आयात होने वाली LPG का करीब 85 से 90 प्रतिशत हिस्सा सऊदी अरब जैसे देशों से आता है, जहां से आपूर्ति स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते होती है। इसलिए पश्चिम एशिया में किसी भी तरह का तनाव भारत की ऊर्जा कीमतों को प्रभावित कर सकता है।




साइन इन