मारुति के दांव वाले इस शेयर में तेजी का तूफान, 2 दिन में 35% चढ़ गया शेयर का दाम
मारुति सुजुकी के सपोर्ट वाली कंपनी जय भारत मारुति के शेयर गुरुवार को BSE में 17% से ज्यादा चढ़कर 122.17 रुपये पर पहुंच गए हैं। दो दिन में कंपनी के शेयरों में 35% से ज्यादा का उछाल आया है। कंपनी का मुनाफा करीब 3 गुना बढ़ा है।

मारुति सुजुकी के सपोर्ट वाली कंपनी जय भारत मारुति लिमिटेड के शेयरों में तेजी का तूफान देखने को मिल रहा है। जय भारत मारुति के शेयर गुरुवार को BSE में 17 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 122.17 रुपये पर पहुंच गए हैं। दो दिन में जय भारत मारुति के शेयरों में 35 पर्सेंट से ज्यादा का उछाल आया है। पिछले 5 दिन में जय भारत मारुति लिमिटेड के शेयरों में 40 पर्सेंट से अधिक की तेजी आई है। चौथी तिमाही में कंपनी का मुनाफा करीब 3 गुना बढ़ा है और इसी के बाद जय भारत मारुति के शेयरों में तेज उछाल आया है। जय भारत मारुति लिमिटेड, ऑटो कंपोनेंट्स और इक्विपमेंट बनाती है।
287% बढ़ा है जय भारत मारुति का मुनाफा
जय भारत मारुति लिमिटेड का कंसॉलिडेटेड मुनाफा 31 मार्च 2026 को खत्म हुई तिमाही में 287 पर्सेंट बढ़कर 79.59 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में जय भारत मारुति को 20.56 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। चौथी तिमाही में जय भारत मारुति लिमिटेड का रेवेन्यू सालाना आधार पर 25.44 पर्सेंट बढ़कर 766.01 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 610.65 करोड़ रुपये था। ऑपरेशनल लेवल पर कंपनी का इबिट्डा 57.53 पर्सेंट बढ़कर 91.90 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
हर शेयर पर 70 पैसे के डिविडेंड का ऐलान
जय भारत मारुति लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 31 मार्च 2026 को खत्म हुए वित्त वर्ष के लिए हर शेयर पर 0.70 रुपये का फाइनल डिविडेंड रिकमंड किया है। जय भारत मारुति के शेयर प्राइस ने बुलिश गैप-अप मूव के साथ एक मजबूत रेंज ब्रेकआउट कन्फर्म किया है। 50 दिन के एवरेज के मुकाबले कंपनी के शेयरों का वॉल्यूम 700 पर्सेंट से ज्यादा बढ़ा है।
जय भारत मारुति पर मारुति सुजुकी का बड़ा दांव
जय भारत मारुति लिमिटेड पर मारुति सुजुकी का बड़ा दांव है। मारुति सुजुकी, कंपनी के प्रमोटर ग्रुप में है। मार्च 2026 तिमाही के शेयरहोल्डिंग के मुताबिक, मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के पास जय भारत मारुति के 3,17,00,000 शेयर हैं। कंपनी में मारुति सुजुकी की हिस्सेदारी 29.28 पर्सेंट है। जय भारत मारुति लिमिटेड प्राथमिक रूप से पैसेंजर व्हीकल्स के लिए ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स और एसेंबलीज की मैन्युफैक्चरिंग करती है। कंपनी शीट मेटल कंपोनेंट्स, वेल्डेड एसेंबलीज, एग्जास्ट सिस्टम्स और सस्पेंशन प्रॉडक्ट्स की सप्लाई करती है।
एक साल में 67% से ज्यादा उछल गए हैं कंपनी के शेयर
जय भारत मारुति लिमिटेड (Jai Bharat Maruti Limited) के शेयर पिछले एक साल में 67 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। कंपनी के शेयर 21 मई 2025 को 70.15 रुपये पर थे। जय भारत मारुति लिमिटेड के शेयर 21 मई 2026 को 122.17 रुपये पर जा पहुंचे हैं। 52 हफ्ते के निचले स्तर से कंपनी के शेयरों में 75 पर्सेंट से अधिक का उछाल देखने को मिला है। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 68.08 रुपये है। जय भारत मारुति लिमिटेड का मार्केट कैप गुरुवार को 1255 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।




साइन इन