खुशखबरी! बढ़ गया इन कर्मचारियों का DA, सैलरी में होगा इजाफा, यहां समझें पूरा गणित
DA Hike latest updates: इंडियन बैंक एसोसिएशन ने मई, जून और जुलाई 2026 के लिए बैंक कर्मचारियों के DA में बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस फैसले से कर्मचारियों की सैलरी में ₹435 से ₹1,050 तक की बढ़ोतरी होगी, जिससे महंगाई के बीच थोड़ी राहत मिलेगी।

DA Hike latest updates: बैंक कर्मचारियों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है, जहां इंडियन बैंक एसोसिएशन (Indian Banks' Association -IBA) ने मई, जून और जुलाई 2026 के लिए डियरनेस अलाउंस (DA) में बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस फैसले से देशभर के लाखों बैंक कर्मचारियों (चाहे वे वर्कमैन हों या अधिकारी) की सैलरी में हल्का, लेकिन राहत देने वाला इजाफा होगा। जानकारी के मुताबिक, जिन कर्मचारियों की बेसिक सैलरी ₹48,000 से ₹1,17,000 के बीच है, उन्हें हर महीने करीब ₹435 से ₹1,050 तक अतिरिक्त राशि मिलेगी। आइए इसको जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
यह बढ़ोतरी महंगाई के असर को कम करने के लिए की गई है, क्योंकि DA का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की पर्चेजिंग पावर को बनाए रखना होता है। यह फैसला इंडस्ट्रियल वर्कर्स के लिए अखिल भारतीय औसत उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AIACPI-IW) के मार्च 2026 में समाप्त तिमाही के आंकड़ों पर आधारित है, जो इंडस्ट्रियल वर्कर्स के खर्च और महंगाई के ट्रेंड को दर्शाता है।
IBA के नोटिस के मुख्य बिंदु
XII BPS/9वीं द्विपक्षीय समझौते के तहत आने वाले कर्मचारियों के लिए, मार्च 2026 तिमाही का औसत CPI 148.73 रहा है। इसके आधार पर मई, जून और जुलाई के लिए 0.70 अंकों की बढ़ोतरी हुई है।
वहीं, जो कर्मचारी अभी भी XI BPS (11वें द्विपक्षीय समझौते) के दायरे में हैं, उनके लिए महंगाई भत्ते की दर अब बेसिक पे का 59.92% तय की गई है।
इससे पहले केंद्र सरकार ने भी अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए DA को 58% से बढ़ाकर 60% किया था, जिससे सरकारी और बैंकिंग सेक्टर दोनों में वेतन को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है। हालांकि, बैंक कर्मचारियों की यह बढ़ोतरी अपेक्षाकृत छोटी है, लेकिन लगातार बढ़ती महंगाई के बीच यह एक जरूरी राहत मानी जा रही है। आगे की बात करें तो बैंक यूनियनों और सरकार के बीच वेतन समझौते पर बातचीत जारी है, जिसमें 17% तक सैलरी बढ़ाने और 5 दिन के वर्किंग वीक जैसी मांगें शामिल हैं।
क्या DA पर टैक्स लगता है?
इस सवाल का जवाब हां है। वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता पूरी तरह से टैक्सेबल (Taxable) होता है। आयकर नियमों के अनुसार, आईटीआर (ITR) फाइल करते समय डीए के हिस्से को अलग से दर्शाना अनिवार्य है। यह आपकी कंपनी की लागत (CTC) का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है।
यह DA बढ़ोतरी बैंक कर्मचारियों के लिए एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है, जो उनके मासिक बजट को थोड़ा संतुलित करने में मदद करेगा। आने वाले समय में अगर वेतन समझौता लागू होता है, तो कर्मचारियों को और बड़ा फायदा मिल सकता है।




साइन इन