क्या फार्मर रजिस्ट्री के बिना नहीं मिलेगा PM किसान का पैसा, जानें कैसे करें रजिस्ट्रेशन?
Farmer Registry: सरकार ने पीएम किसान, फसल बीमा योजना के साथ-साथ बागवानी, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता और लघु सिंचाई जैसे विभागों को भी फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

यूपी में योगी सरकार ने किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि से लेकर फसल बीमा तक के लिए सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए बड़ा फैसला लिया है। इसके लिए किसानों की फारमर रजिस्ट्री जरूरी है। सरकार हर ग्राम पंचायत स्तर पर जल्द से जल्द विशेष कैंप आयोजित करेगी ताकि सभी किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ा जा सके और कोई भी पात्र किसान इस व्यवस्था से बाहर न रह जाए।
सरकार ने यह भी कहा है कि जिन किसानों के रिकॉर्ड में नाम या अन्य जानकारी में गलतियां हैं, उन्हें आधार से लिंक करके प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाएगा, ताकि किसी भी किसान की किस्त या लाभ न रुके। सरकार ने बागवानी, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता और लघु सिंचाई जैसे विभागों को भी इस प्रणाली से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
हर किसान को मिलेगा Farmer ID कार्ड
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बात पर जोर दिया कि हर पात्र किसान को Farmer Identity Card जारी किया जाए। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और पात्रता की जांच भी आसान हो जाएगी। कृषि विभाग को निर्देश दिया गया है कि वह 1 मई 2026 तक Farmer Registry पोर्टल को पूरी तरह चालू कर दें।
इससे लाभार्थियों का चयन और योजनाओं का भुगतान पूरी तरह डिजिटल और एकीकृत तरीके से किया जा सकेगा। 31 मई 2026 तक सभी विभागों को Farmer ID के उपयोग के लिए अपनी तैयारियां पूरी करनी होंगी।
upfr.agristack.gov.in पोर्टल के मुताबिक करीब 75 प्रतिशत किसानों ने रजिस्ट्री कर ली इस पोर्टल पर किसानों के नामांकन के मामले में टॉप-5 जिलों में आजमगढ़, बलिया, महराजगंज, मिर्जापुर और देवरिया हैं। जबकि, टॉप-5 फिसड्डी जिलों में गौतमबुद्ध नगर, बागपत, मैनपुरी, कौशंबी और श्रावस्ती हैं।
क्या है फार्मर रजिस्ट्री
Farmer Registry UP एक ऑनलाइन पोर्टल है। इसका उद्देश्य किसानों की जानकारी को डिजिटल रूप से रजिस्टर करना है। इस पोर्टल के जरिए राज्य के सभी किसानों का डेटा इकट्ठा किया जा रहा है ताकि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
कैसे करें फार्मर रजिस्ट्री पर रजिस्ट्रेशन
इसमें रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आसान और ऑनलाइन है। फार्मर रजिस्ट्रेशन के जरूरी आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और भूमि के दस्तावेज जरूरी हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए निम्नलिखित स्टेप्स को फॉलो करें...
स्टेप 1: सबसे पहले Farmer Registry UP की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
स्टेप 2: वेबसाइट पर एक रजिस्ट्रेशन फॉर्म है, जिसमें अपनी व्यक्तिगत जानकारी, जैसे नाम, पता, बैंक खाता विवरण, भूमि का विवरण आदि भरना है।
स्टेप 3: यहां कुछ आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड, भूमि रिकॉर्ड, और बैंक अकाउंट डिटेल अपलोड करें।
स्टेप 4: रजिस्ट्रेशन के दौरान अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करें। इसके बाद, एक OTP आएगा, जिसका सत्यापन करें।
स्टेप 5: रजिस्ट्रेशन के बाद, सरकार द्वारा दर्ज की गई जानकारी और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाता है।
स्टेप 6: सत्यापन के बाद, किसान को रजिस्ट्रेशन की पुष्टि की जाती है और वे पीएम किसान योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभ के लिए पात्र हो जाते हैं।
अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-1551 पर कॉल करें।




साइन इन