gold silver ratio when does gold become a better option can silver regain its momentum कब सोना बन जाता है बेहतर विकल्प? क्या चांदी फिर पकड़ सकती है रफ्तार?, Business Hindi News - Hindustan
More

कब सोना बन जाता है बेहतर विकल्प? क्या चांदी फिर पकड़ सकती है रफ्तार?

Gold-Silver Ratio:  जब अमेरिका और इजराइल ईरान पर हमला कर रहे हैं और ईरान पूरी ताकत से जवाब दे रहा है, ऐसे में सोने की चमक बरकरार है, जबकि चांदी कमजोर पड़ती दिख रही है। चांदी में उतार-चढ़ाव ज्यादा होता है और इसका इस्तेमाल उद्योगों में भी होता है, इसलिए निवेशक इसे कम पसंद करते हैं।

Fri, 6 March 2026 01:28 PMDrigraj Madheshia लाइव हिन्दुस्तान
share
कब सोना बन जाता है बेहतर विकल्प? क्या चांदी फिर पकड़ सकती है रफ्तार?

पिछले साल चांदी ने सोने से बेहतर प्रदर्शन किया था, लेकिन जब मुश्किल वक्त आता है, तो सोना ही सबसे आगे आती है। मध्य पूर्व में हाल में शुरू हुए संघर्ष ने इस बात को साफ कर दिया है। जब अमेरिका और इजराइल ईरान पर हमला कर रहे हैं और ईरान पूरी ताकत से जवाब दे रहा है, ऐसे में सोने की चमक बरकरार है, जबकि चांदी कमजोर पड़ती दिख रही है। दोनों ही कीमती धातुओं को सुरक्षित निवेश माना जाता है, लेकिन चांदी में उतार-चढ़ाव ज्यादा होता है और इसका इस्तेमाल उद्योगों में भी होता है, इसलिए निवेशक इसे कम पसंद करते हैं। सोने और चांदी के बीच इस खिंचाव को समझने के लिए कारोबारी हमेशा एक आसान पैमाना ‘गोल्ड-सिल्वर रेशियो’ पर नजर रखते हैं।

क्या है गोल्ड-सिल्वर रेशियो

गोल्ड-सिल्वर रेशियो बताता है कि एक औंस सोना खरीदने के लिए कितने औंस चांदी की जरूरत होगी। कीमती धातुओं के बाजार में सोने और चांदी की कीमत और प्रदर्शन को परखने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है। आमतौर पर, पिछले 10 सालों में यह रेशियो औसतन 80:1 के आसपास रहा है। व्हाइटओक कैपिटल के एक विश्लेषण के मुताबिक, जब यह 50:1 से नीचे आता है, तो चांदी सस्ती नहीं रह जाती।

मौजूदा समय में यह रेशियो क्या संकेत दे रहा है?

अमेरिका में सोने की कीमत 5,166.11 डॉलर प्रति औंस और चांदी की कीमत 84.35 डॉलर प्रति औंस के हिसाब से यह रेशियो अब 62 के करीब पहुंच रहा है। साल की शुरुआत में जहां यह 45 के स्तर से नीचे था, वहीं अब इसमें तेजी से उछाल आया है। इसकी वजह चांदी की कीमतों में सोने के मुकाबले ज्यादा गिरावट रही।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सोने की कीमत में बड़ी गिरावट, 3 दिन में 8000 रुपये हुआ सस्ता, चेक करें आज का भाव
ये भी पढ़ें:और कितनी नौकरियां छीनेगा AI, अब यह दिग्गज कंपनी कर रही बड़ी छंटनी की तैयारी
ये भी पढ़ें:60 साल पहले वॉरेन बफेट ने की थी एक गलती, जिसका उन्हें अब भी है मलाल

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी विश्लेषक मानव मोदी के मुताबिक, अब यह रेशियो एक नए दायरे में दिख रहा है। उनका कहना है कि 55 से 60 निचला स्तर और 75 से 80 या अधिकतम 85 ऊपरी स्तर हो सकता है।

बोनांजा के वरिष्ठ कमोडिटी रिसर्च एनालिस्ट निरपेंद्र यादव के अनुसार, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के साथ यह रेशियो 62 पर स्थिर हो गया है और फिर ऊपर जाने के संकेत दे रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ता हुआ रेशियो आमतौर पर यही दिखाता है कि निवेशक सुरक्षा के लिहाज से सोने को ज्यादा पसंद कर रहे हैं और विकास की उम्मीदें कमजोर हो रही हैं।

क्या चांदी फिर पकड़ सकती है रफ्तार?

इतिहास देखें तो यह रेशियो उतार-चढ़ाव भरे चक्रों में चलता है। जब भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक दबाव बढ़ता है, तो सोना ही असली सुरक्षित निवेश बनकर उभरता है। हालांकि, जब कीमती धातुओं में तेजी का दौर शुरू होता है, तो चांदी भी पीछे नहीं रहती। आईएनवीएसेट पीएमएस के हर्षल दासानी का कहना है कि अगर हालात सोने-चांदी के पक्ष में रहे, जैसे वैश्विक नीतियों में नरमी और लगातार अनिश्चितता, तो चांदी प्रदर्शन के मामले में सोने की बराबरी कर सकती है।

अब सोने और चांदी में कैसे करें निवेश?

मध्य पूर्व में जारी संघर्ष का कोई अंत नजर नहीं आ रहा। ऐसे में अगर तनाव और बढ़ता है तो सोना ही बेहतर प्रदर्शन करता रहेगा। इसीको देखते हुए, मानव मोदी सुझाव देते हैं कि कीमती धातुओं में अपने कुल निवेश का 10-15% हिस्सा रखना चाहिए। इस हिस्से में से 70-75% सोने में और बाकी 25-30% चांदी में निवेश करना फिलहाल सही रणनीति हो सकती है।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,