सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट, जानिए आज का ताजा हाल, 10 ग्राम सोना अब कहां पहुंचा
Gold Silver Rate Today: एमसीएक्स पर चांदी के भाव में करीब 2 फीसदी की गिरावट आई और यह गिरकर 2,62,892 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। वहीं, सोने की कीमत में 0.4 फीसदी की कमजोरी रही और यह 1,60,516 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई।

MCX Gold Silver Rate Today: कमोडिटी मार्केट में आज गुरुवार, 26 फरवरी को चांदी और सोने की कीमतों में गिरावट देखी गई। एमसीएक्स पर चांदी के भाव में करीब 2 फीसदी की गिरावट आई और यह गिरकर 2,62,892 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। वहीं, सोने की कीमत में 0.4 फीसदी की कमजोरी रही और यह 1,60,516 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। बीते सत्र में दोनों धातुओं में अच्छी तेजी देखने को मिली थी, जिसके बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी
वैश्विक बाजारों की बात करें तो स्पॉट सिल्वर में 0.6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह 88.84 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है। पिछले सेशन में यह तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। वहीं, स्पॉट गोल्ड में मामूली बढ़त देखने को मिली और यह 0.3 फीसदी उछलकर 5,183.85 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स की बात करें तो इसमें 0.5 फीसदी की गिरावट आई और यह 5,200.50 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
भू-राजनीतिक तनाव का असर
बीते छह सेशन में सोने की कीमतों में करीब 6 फीसदी की तेजी आई थी, लेकिन आज इसमें गिरावट देखी गई। हालांकि, मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य तैनाती को लेकर जारी अनिश्चितता ने कीमती धातुओं में गिरावट को सीमित रखा है। ईरान और अमेरिका के बीच जिनेवा में आज होने वाली वार्ता को लेकर भी बाजार में नजर बनी हुई है, जिसका मकसद लंबे समय से चले आ रहे परमाणु विवाद को सुलझाना है।
अन्य कीमती धातुओं का हाल
प्लैटिनम की कीमत में 0.5 फीसदी की कमजोरी रही और यह 2,274.16 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि पैलेडियम में 1.4 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह 1,770.05 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। पिछले सत्र में दोनों धातुएं तीन सप्ताह के हाई पर पहुंच गई थीं।
बेरोजगारी के आंकड़ों पर नजर
निवेशकों की नजर आज जारी होने वाले साप्ताहिक बेरोजगारी दावों के आंकड़ों पर भी है, जिससे फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के रुख का अंदाजा लगाया जा सकेगा। बीते सत्र में एमसीएक्स गोल्ड अप्रैल फ्यूचर्स 0.74 फीसदी की बढ़त के साथ 1,61,145 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि चांदी के मार्च फ्यूचर्स में करीब 3 फीसदी की तेजी रही थी और यह 2,68,316 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। कमोडिटी मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)




साइन इन