अडानी की कंपनी बनाने वाली है जेट विमान, अब आ गया नया अपडेट
दोनों कंपनियों का मानना है कि अगर भारत में इन विमानों की असेंबली शुरू होती है तो इससे विमानन क्षेत्र को बड़ा फायदा होगा। इससे स्थानीय उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, सप्लाई चेन मजबूत होगी और युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

भारत में विमान निर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। दरअसल, गौतम अडानी समूह की कंपनी- अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस और ब्राजील की विमान निर्माता कंपनी एम्ब्रेयर ने भारत में E175 क्षेत्रीय जेट विमान के लिए फाइनल असेंबली लाइन (FAL) लगाने की योजना बनाई है। इस संबंध में शनिवार को दोनों कंपनियों के अधिकारियों ने एक समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान किया। इस मौके पर ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनेसियो लुला दा सिल्वा और भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद थे। दोनों कंपनियों का मानना है कि अगर भारत में इन विमानों की असेंबली शुरू होती है तो इससे विमानन क्षेत्र को बड़ा फायदा होगा। इससे स्थानीय उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, सप्लाई चेन मजबूत होगी और युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
विमान के बारे में
E175 विमान की बात करें तो यह एक क्षेत्रीय जेट है जिसमें अधिकतम 88 यात्री बैठ सकते हैं। इस विमान का उपयोग खासतौर पर छोटे और मध्यम शहरों के बीच हवाई यात्रा बढ़ाने के लिए किया जाता है। भारत में कई ऐसे शहर हैं जहां बड़े विमान नियमित रूप से नहीं जा पाते। ऐसे में यह विमान नए रूट शुरू करने और हवाई संपर्क बढ़ाने में मदद कर सकता है।
क्या कहा गया है बयान में?
आधिकारिक बयान के मुताबिक जनवरी महीने में हस्ताक्षरित शुरुआती एमओयू से आगे बढ़ते हुए यह पहल भारत में एकीकृत क्षेत्रीय परिवहन विमान (आरटीए) पारिस्थितिकी विकसित करने की व्यापक रूपरेखा का हिस्सा है। बता दें कि ई175 विमान में अधिकतम 88 यात्री बैठ सकते हैं और इसे दूसरी एवं तीसरी श्रेणी के शहरों के बीच क्षेत्रीय हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए तैनात किया जा सकता है।
क्या कहा कंपनी के अधिकारी ने?
अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के अध्यक्ष और सीईओ आशीष राजवंशी ने कहा कि कंपनी भारत में क्षेत्रीय विमानन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है। उनके अनुसार यह पहल भारत को विमानन क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगी। साथ ही इससे शहर और गांव के बीच की दूरी कम होगी और नए कौशल वाले रोजगार भी बनेंगे। एम्ब्रेयर के अध्यक्ष और सीईओ फ्रांसिस्को गोम्स नेटो ने कहा कि E175 विमान दुनिया के कई देशों में सफलतापूर्वक इस्तेमाल हो रहा है। यह विमान कम दूरी की उड़ानों के लिए भरोसेमंद माना जाता है। उन्होंने कहा कि भारत इस क्षेत्र में तेजी से बढ़ता हुआ बाजार है और यहां बड़ी संभावनाएं हैं।




साइन इन