कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 5 महीने में हुए डबल, घरेलू के कितने बढ़े रेट?
LPG Price Review: युद्ध की आंच किचन तक पहुंच गई है। एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग से लेकर डिलीवरी तक में कई सारे नए नियम लागू हो गए। यह साल कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए डबल अब तक झटका वाला रहा।

LPG Price Review: इस साल अबतक एलपीजी सिलेंडर के दाम और सप्लाई दोनों ने खूब रुलाया है। अमेरिका-ईजरायल-ईरान युद्ध की आंच किचन तक पहुंच गई। युद्ध की वजह से होर्मुज स्ट्रेट बंद क्या हुआ, एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग से लेकर डिलीवरी तक में कई सारे नए नियम लागू हो गए। घरेलू एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं को कुछ परेशानियों के बीच सिलेंडर तो मिल रहे हैं, लेकिन कमर्शियल एलपीजी के उपभोक्ताओं को दाम और सप्लाई का डबल झटका लगा है।
सबसे पहले बात घरेलू एलपीजी सिलेंडर की। युद्ध से करीब एक साल से अधिक समय पहले से 14.2 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ था। बड़े आराम से दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 853 रुपये में मिल रहा था। सबकुछ अच्छा चल ही रहा था कि फरवरी के अंत में अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया। पूरी दुनिया में ऊर्जा संकट गहरा गया।
कच्चे तेल के दाम 125 डॉलर प्रति बैरल के पार चले गए। अक्सर एलपीजी के रेट महीने की पहली तारीख को होते हैं। 1 मार्च को रेट तो जारी हुए, लेकिन घरेलू सिलेंडर के दाम नहीं बढ़े। युद्ध के चलते ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 7 मार्च को घरेलू एलपीजी सिलेंडर के नए रेट का ऐलान कर दिया। इसके तहत एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये का इजाफा कर दिया। इसके साथ ही दिल्ली में घरेलू सिलेंडर महंगा होकर 913 रुपये पर पहुंच गया।
घरेलू सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी पर क्या पड़ा प्रभाव

युद्ध के दौरान सबसे अधिक असर एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पर पड़ा। होर्मूज स्ट्रेट बंद होने की वजह से खाड़ी देशों से अपने इक्का-दुक्का गैस लदे जहाज ही निकल पा रहे थे। सरकार ने संकट को देखते हुए घरेलू स्तर पर गैस उत्पादन को बढ़ाने का आदेश दिए। कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी रोक दी। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग 25 और 45 दिनों पर होने लगी। बिना DAC नंबर के अब आज भी घरेलू एलपीजी सिलेंडर डिलीवर नहीं हो रहा।
कमर्शियल सिलेंडर के दाम इस साल 1533 रुपये बढ़े
यह साल कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए डबल अब तक झटका वाला रहा। महज 5 महीने में 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर 1580.50 रुपये से ₹3,113.50 पर पहुंच गया। यानी सिलेंडर कुल 1533 रुपये महंगा हो गया। यही सिलेंडर दिल्ली में 1 दिसंबर को 1580.50 रुपये का था।
जनवरी में 111 रुपये बढ़कर 1691.50 रुपये पर पहुंच गया। फरवरी में भी राहत नहीं मिली, बल्कि दाम 49 रुपये और बढ़कर पहुंच गए 1740.50 रुपये पर। इसके बाद मार्च में डबल झटके लगे।
कमर्शियल सिलेंडर रेट: मार्च में लगे डबल झटके
1 मार्च 2026 को कमर्शियल सिलेंडर के दाम 28 रुपये और बढ़कर 1768.50 रुपये पर पहुंच गए। इसके बाद 7 मार्च को 114.50 रुपये का झटका लगा और 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर दिल्ली में 1883 रुपये पर पहुंच गया। इसके बाद 1 अप्रैल 2026 को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 2078.50 रुपये पर पहुंच गए।
मई में लगा ऐतिहासिक झटका
सबसे बड़ा झटका लगा मई में। इस महीने सिलेंडर के दाम में ऐतिहासिक 993 रुपये की बढ़ोतरी हुई और दिल्ली में कीमत सीधे पहुंच गई 3071.50 रुपये पर। आज 1 जून को भी इसमें 42 रुपये का इजाफा हुआ है। अब दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर 1 जून से ₹3,113.50 का हो गया है।




साइन इन