अरबपतियों की लिस्ट में उथल-पुथल, 200 अरब डॉलर क्लब से अब यह भी बाहर
दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। टॉप-10 अमीरों में से 7 अरबपतियों की इस साल दौलत में सेंध लग गई है। वहीं, 200 अरब डॉलर क्लब भी अब और छोटा हो गया है। इसमें से एक और मेंबर बाहर हो गया है।

दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। टॉप-10 अमीरों में से 7 अरबपतियों की इस साल दौलत में सेंध लग गई है। वहीं, 200 अरब डॉलर क्लब भी अब और छोटा हो गया है। इसमें से एक और मेंबर बाहर हो गया है। सोमवार को टेक जाइंट्स टॉप-6 अरबपतियों की दौलत करीब 30 अरब डॉलर से अधिक कम हो गई।
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की ताजा रैंकिंग में एलन मस्क, लैरी पेज, सर्ग्री ब्रिन, मार्क जुकरबर्ग, जेफ बेजोस और लैरी एलिसन की दौलत में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क को 8.60 अरब डॉलर का झटका लगा और उनकी दौलत अब 664 अरब डॉलर रह गई है।
लैरी पेज 2.55 अरब डॉलर गंवाए, हालांकि, वह 268 अरब डॉलर के साथ दुनिया के दूसरे सबसे रईस हैं। तीसरे नंबर पर काबिज सर्गी ब्रिन को भी 2.34 अरब डॉलर की चोट पहुंची है। उनका नेटवर्थ अब 249 अरब डॉलर है। जेफ बेजोस को 4.10 अरब डॉलर का झटका लगा। अब वह 232 अरब डॉलर के साथ दुनिया के चौथे सबसे रईस हैं। मार्क जुकरबर्ग 226 अरब डॉलर के साथ पांचवें स्थान पर हैं। इन्हें 6.26 अरब डॉलर की चोट पहुंची है।
लैरी एलिसन 200 अरब डॉलर क्लब से बाहर
लैरी एलिसन को सोमवार को 6.98 अरब डॉलर का झटका लगा। एलिसन इस झटके के साथ ही 200 अरब डॉलर क्लब से बाहर हो गए हैं। इस क्लब में अब केवल 5 लोग ही रह गए हैं, जिनकी दौलत 200 अरब डॉलर या इससे अधिक है। सोमवार को सबसे अधिक चोट इसी क्लब पर पड़ी है। अगर टॉप-7 अरबपतियों की बात करें तो इस साल की कमाई की लिहाज से 6 लाल निशान में आ गए हैं। केवल एलन मस्क की संपत्ति ही इस साल अबतक 44.5 अरब डॉलर बढ़ी है।
इस साल किसने कितना गंवाया
इस साल अबतक लैरी पेज को 861 मिलियन डॉलर, सर्गी ब्रिन को 751 मिलियन डॉलर, जेफ बेजोस को 21.8 अरब डॉलर, जुकरबर्ग को 7.65 अरब डॉलर, लैरी एलिसन को 53.8 अरब डॉलर और बर्नार्ड अरनॉल्ट को 22.8 अरब डॉलर का नुकसान हो चुका है।
क्यों आई गिरावट
दरअसल, सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। एसएंडपी 500 में 1 प्रतिशत की गिरावट आई, डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 1.7 प्रतिशत टूट गया, और नैस्डैक कंपोजिट 1.1 प्रतिशत फिसल गया। एसएंडपी 500 71.76 अंक गिरकर 6,837.75 पर आ गया। डाऊ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 821.91 अंक लुढ़ककर 48,804.06 पर बंद हुआ, जबकि नैस्डैक कंपोजिट 258.80 अंक की गिरावट के साथ 22,627.27 पर आ गया।
वॉल स्ट्रीट पर, उन कंपनियों को भारी नुकसान हुआ है, जिनके बारे में आशंका है कि वे एआई-संचालित प्रतिद्वंद्वियों से पीछे रह सकती हैं। हाल ही में निवेशकों ने ऐसी कंपनियों के शेयरों को बेचना शुरू कर दिया है, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। टेस्ला से लेकर ओरेकल कॉर्प तक के शेयर टूट गए। इससे इन कंपनियों के शेयर होल्डर्स को नुकसान हुआ। टेक कंपनियों के मालिक बड़े शेयर होल्डर्स हैं, जिससे इन्हें बड़ी चेाट पहुंची।




साइन इन