LPG की सप्लाई पर सरकार का बड़ा अपडेट, चेक करें दिल्ली से पटना तक के लेटेस्ट रेट
LPG Price Today 28 May: एलपीजी, पेट्रोल, डीजल की सप्लाई पर सरकार ने कहा है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। इस बीच आज बकरीद के दिन एलपीजी सिलेंडर के रेट भी चेक करते चलें?

LPG Price Today 28 May: एलपीजी के साथ-साथ पेट्रोल-डीजल की किल्लत की आ रही खबरों के बीच मोदी सरकार ने इनकी सप्लाई पर बड़ा अपडेट दिया है। सरकार ने भरोसा दिलाया कि सरकार ईंधन की सप्लाई बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम एशिया में बढ़ते हालात पर नजर रखने के लिए बनाए गए अनौपचारिक मंत्री समूह (IGoM) की बैठक में अधिकारियों को देश की तैयारी और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की घबराहट में खरीदारी न करने की अपील की है।
देश में सप्लाई सामान्य, कोई संकट नहीं
राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "देश में आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। पेट्रोल-डीजल-एलपीजी की घबराहट में खरीदारी न करें, क्योंकि सरकार सभी जरूरी चीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार पश्चिम एशिया में संकट शुरू होने के बाद से शानदार काम कर रही है।
पेट्रोल-डीजल की सप्लाई पूरी तरह पर्याप्त
IGoM को बताया गया कि देशभर में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह से पर्याप्त है। तेल में रुकावटों के बावजूद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय कीमतों का पूरा बोझ खुदरा उपभोक्ताओं पर नहीं डाला है। वे करीब 550 करोड़ रुपये प्रतिदिन का नुकसान का बोझ उठा रही हैं।
ब्लैक मार्केटिंग पर नजर
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि राहत केवल घरेलू खपत के लिए है, लेकिन एक पैटर्न सामने आया है कि कई इंडस्ट्रियल कंज्यूमर अपनी औद्योगिक खरीदारी छोड़कर खुदरा स्तर पर सस्ता ईंधन खरीद रहे हैं। साथ ही कुछ डीलरों द्वारा ब्लैक मार्केटिंग के मामले भी सामने आए हैं। केंद्र और राज्य सरकारों ने मौजूदा नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
आज क्या एलपीजी सिलेंडर के रेट
- इंडियन ऑयल के मुताबिक दिल्ली में 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर आज 913 रुपये और 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 3071.50 रुपये का है।
- गुरुग्राम में घरेलू 921.50 रुपये और कमर्शियल 3,088 रुपये है। नोएडा में घरेलू 910.50 रुपये और कमर्शियल 3,071.50 रुपये है।
- जयपुर में एलपीजी घरेलू सिलेंडर ₹916.5 और 19 किलो वाला कमर्शियल ₹3099 में बिक रहा है। देहरादून में घरेलू सिलेंडर ₹932 और कमर्शियल ₹3129 का है।
- पटना में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 1011 रुपये का है और कमर्शियल सिलेंडर के दाम आज 3361 रुपये हैं।
- मुंबई में घरेलू 912.50 रुपये और कमर्शियल 3,024 रुपये है। चेन्नई में घरेलू 928.50 रुपये और कमर्शियल 3,237 रुपये है।
- भुवनेश्वर में घरेलू 939 रुपये और कमर्शियल 3,238 रुपये है। चंडीगढ़ में घरेलू 922.50 रुपये और कमर्शियल 3,092.50 रुपये है।
- इंदौर में घरेलू सिलेंडर 941 रुपये का है और कमर्शियल 3176.5 रुपये का। रायपुर में घरेलू सिलेंडर 984.5 रुपये और कमर्शियल 3294.5 रुपये में है।
- बेंगलुरु में घरेलू ₹915.50 और कमर्शियल ₹3152 में बिक रहा है। हैदराबाद में घरेलू एलपीजी सिलेंडर का रेट ₹965 और कमर्शियल ₹3315 है।
- अंडमान में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के रेट ₹989 हैं तो कमर्शियल के ₹3490 है।
इनपुट: PTI और ANI




साइन इन