पहले शेयर टूटा, अब मुनाफे में 59% की गिरावट, शुक्रवार को निवेशकों की रहेगी नजर
मार्च 2026 तिमाही के दौरान कंपनी ने मुनाफे में 59.5% की गिरावट दर्ज की, जो घटकर ₹113 करोड़ रह गया। नतीजे के बाद शु्क्रवार को कंपनी के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। बता दें कि बीते बुधवार को शेयर 3.51% टूटकर 1283.40 रुपये पर आ गया।

Bharat dynamics share price: डिफेंस सेक्टर की कंपनी- भारत डायनामिक्स ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। मार्च 2026 तिमाही के दौरान कंपनी ने मुनाफे में साल-दर-साल (YoY) 59.5% की गिरावट दर्ज की, जो घटकर ₹113 करोड़ रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने ₹273 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया था। तिमाही नतीजे के बाद शु्क्रवार को कंपनी के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। बता दें कि बीते बुधवार को शेयर 3.51% टूटकर 1283.40 रुपये पर आ गया। वहीं, गुरुवार को बकरीद की वजह से शेयर बाजार बंद रहे।
मार्च तिमाही में राजस्व
मार्च तिमाही के दौरान परिचालन से होने वाला राजस्व भी 73% गिरकर ₹480 करोड़ रह गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह ₹1,777 करोड़ था। परिचालन के मोर्चे पर तिमाही में एबिटा साल-दर-साल 81.5% गिरकर ₹55.2 करोड़ रह गया जबकि FY25 के मार्च तिमाही में यह ₹299 करोड़ था।
इस बीच, एबिटा मार्जिन 11.5% रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की जनवरी-मार्च तिमाही में दर्ज 16.8% से कम है। FY26 तिमाही के लिए प्रॉफिट आफ्टर टैक्स ₹153 करोड़ रहा जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह ₹378 करोड़ था।
भारत डायनामिक्स की कुल आय में भी मार्च 2026 तिमाही में 68% की भारी गिरावट देखी गई, जो घटकर ₹599 करोड़ रह गई। पिछले साल इसी अवधि में यह ₹1876 करोड़ थी। तिमाही नतीजों के साथ-साथ इस रक्षा कंपनी ने ₹0.40 के फाइनल डिविडेंड की भी घोषणा की, जिसकी फेस वैल्यू ₹5 प्रति शेयर है।
क्या कहा कंपनी ने?
भारत डायनामिक्स ने अपनी स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा- हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि कंपनी के निदेशक मंडल ने 31 मार्च, 2026 को समाप्त वर्ष के लिए ₹0.40 प्रति शेयर (फेस वैल्यू ₹5 प्रति शेयर) की दर से फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। आगामी वार्षिक आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों द्वारा मंजूरी मिलने के बाद इसका भुगतान AGM की तारीख से 30 दिनों के भीतर कर दिया जाएगा।
क्या है टारगेट प्राइस?
घरेलू ब्रोकरेज ICICI Securities ने शेयर के लिए 'Buy' की रेटिंग दी है और 1,400 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। बता दें कि कंपनी के शेयर 2026 में अब तक 13 प्रतिशत और पिछले एक साल में 34 प्रतिशत नीचे गिरे हैं। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 2,096 रुपये है। शेयर का यह भाव मई 2025 में था। वहीं, मार्च 2026 में यह शेयर 1,090 रुपये के निचले स्तर पर रहा। यह शेयर के 52 हफ्ते का लो है।




साइन इन