Q4 रिजल्ट के बाद इस बैंक के शेयर में तूफानी तेजी, 27% तक उछला स्टॉक; अब भी है कमाई का मौका?
Bandhan Bank Q4 results: बंधन बैंक (Bandhan Bank) के शेयर Q4 नतीजों के बाद तेजी से उछले हैं और अप्रैल में 27% तक चढ़ चुके हैं। बेहतर एसेट क्वॉलिटी और घटती क्रेडिट कॉस्ट ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। हालांकि, एनालिस्ट्स की राय बंटी हुई है।

Bandhan Bank Q4 results: बंधन बैंक (Bandhan Bank) के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है, जिसने निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। मार्च तिमाही (Q4) के नतीजों के बाद बैंक के शेयर एक ही दिन में करीब 14% तक उछल गए, जबकि पूरे अप्रैल महीने में यह स्टॉक लगभग 27% चढ़ चुका है। यह जून 2020 के बाद इसका सबसे बेहतरीन मासिक प्रदर्शन माना जा रहा है। हाल के समय में आई इस तेजी ने बाजार में एक बार फिर इस बैंक को चर्चा में ला दिया है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
उछाल की सबसे बड़ी वजह
इस उछाल की सबसे बड़ी वजह बैंक के बेहतर तिमाही नतीजे और एसेट क्वॉलिटी में सुधार है। कई ब्रोकरेज हाउस का मानना है कि बैंक ने मुश्किल दौर से उबरते हुए अब स्थिरता की ओर कदम बढ़ा दिया है। खासतौर पर क्रेडिट कॉस्ट में कमी और स्लिपेज रेशियो में सुधार ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है। यही कारण है कि कुछ एनालिस्ट इस स्टॉक में आगे भी 20% से ज्यादा तेजी की संभावना देख रहे हैं।
cnbctv18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सभी एक्सपर्ट पूरी तरह से एकमत नहीं हैं। जहां कुछ ब्रोकरेज कंपनियां इस स्टॉक को बॉय रेटिंग दे रही हैं, वहीं कुछ ने होल्ड और सेल की सलाह भी दी है। कुल 28 एनालिस्ट में से 16 ने खरीदने की सलाह दी है, 8 ने होल्ड करने को कहा है और 4 ने बेचने की राय दी है। इससे साफ है कि बाजार में इस स्टॉक को लेकर मिला-जुला नजरिया बना हुआ है।
पॉजिटिव पॉइंट की बात करें तो बैंक की मैनेजमेंट ने आने वाले समय में 14-15% लोन ग्रोथ और बेहतर मार्जिन की उम्मीद जताई है। साथ ही माइक्रोफाइनेंस सेक्टर में स्थिरता और ब्याज मार्जिन (NIM) में सुधार से बैंक की कमाई में भी तेजी आ सकती है। यही वजह है कि कुछ ब्रोकरेज हाउस ने इसका टारगेट प्राइस ₹215 से ₹220 तक रखा है।
वहीं, नेगेटिव पॉइंट पर नजर डालें तो कुछ एक्सपर्ट मानते हैं कि स्टॉक की मौजूदा कीमत में काफी हद तक सुधार पहले ही शामिल हो चुका है। इसके अलावा सेक्टर में उतार-चढ़ाव और मैक्रोइकोनॉमिक दबाव को देखते हुए आगे की राह पूरी तरह आसान नहीं है। कुछ ब्रोकरेज ने तो ₹130 तक का डाउनसाइड भी बताया है।
शेयर परफॉर्मेंस
बंधन बैंक (Bandhan Bank) के शेयरों में आज 29 अप्रैल 2026 को जोरदार तेजी देखने को मिली है, जहां स्टॉक 11% से ज्यादा उछलकर ₹198.48 के स्तर पर पहुंच गया। यह उछाल हालिया Q4 नतीजों के बाद आई पॉजिटिव सेंटिमेंट और निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी को दर्शाता है। पिछले कुछ समय से दबाव में रहने वाला यह स्टॉक अब रिकवरी मोड में नजर आ रहा है, जिसमें मजबूत खरीदारी देखने को मिल रही है।
खास बात यह है कि हालिया तेजी के साथ स्टॉक ने शॉर्ट-टर्म ट्रेंड को पॉजिटिव किया है और अगर यही मोमेंटम बना रहता है, तो आगे इसमें और तेजी की संभावना बन सकती है। हालांकि, तेज उछाल के बाद हल्की मुनाफावसूली भी देखने को मिल सकती है, इसलिए निवेशकों को सतर्क रहते हुए आगे की चाल पर नजर बनाए रखनी चाहिए।
बंधन बैंक (Bandhan Bank) का स्टॉक इस समय रिकवरी मोड में है, लेकिन इसमें उतार-चढ़ाव भी बना रह सकता है। ऐसे में निवेशकों के लिए जरूरी है कि वे जल्दबाजी में फैसला लेने के बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और बाजार की स्थिति को ध्यान में रखकर ही निवेश करें।




साइन इन