फटाफट निपटा लें जरूरी काम! 27 या 28 मई को बंद रहेंगे बैंक, आपके यहां किस दिन रहेगी बकरीद की छुट्टी? जानें
Bakrid 2026 Bank Holidays: बकरीद 2026 को लेकर बैंक छुट्टियों में भ्रम की स्थिति बन गई है। कुछ राज्यों में 27 मई को बैंक बंद रहेंगे, जबकि महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में 28 मई को अवकाश रहेगा। आइए जानते हैं कि आपके यहां किस दिन बकरीद की छुट्टी रहेगी।

Bakrid 2026 Bank Holidays: अगर आप 27 या 28 मई 2026 को बैंक जाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले यह जरूर चेक कर लें कि आपके राज्य में बैंक खुले रहेंगे या बंद। इस बार बकरीद यानी बकरा ईद (ईद-उल-अजहा) की छुट्टी को लेकर लोगों के बीच काफी भ्रम की स्थिति बन गई है। वजह यह है कि कुछ राज्यों में बैंक 27 मई को बंद रहेंगे, जबकि कई राज्यों में छुट्टी 28 मई को घोषित की गई है। ऐसे में ग्राहकों के लिए यह जानना बेहद जरूरी हो गया है कि आखिर उनके राज्य में बैंक किस दिन बंद रहने वाले हैं।
दरअसल, शुरुआत में केंद्र सरकार ने 27 मई 2026 को बकरीद की छुट्टी घोषित की थी, लेकिन बाद में दिल्ली स्थित सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालयों के लिए छुट्टी की तारीख बदलकर 28 मई कर दी गई। इसके बाद तेलंगाना सरकार ने भी अपना फैसला बदलते हुए बकरीद की छुट्टी 27 मई की बजाय 28 मई को घोषित कर दी। इसी वजह से अब अलग-अलग राज्यों में बैंक छुट्टियों की तारीख अलग हो गई है।
27 को कहां-कहां बंद रहेगा बैंक?
27 मई 2026 को देश के कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। इनमें उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, असम, आंध्र प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, केरल, नागालैंड, त्रिपुरा, मणिपुर, मेघालय, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर क्षेत्र शामिल हैं। इन राज्यों में बकरीद के अवसर पर बैंकिंग सेवाएं शाखा स्तर पर उपलब्ध नहीं होंगी। इसलिए अगर किसी को नकद जमा, चेक क्लियरेंस या बैंक ब्रांच से जुड़ा जरूरी काम करना है, तो उसे पहले ही निपटा लेना बेहतर होगा।
28 मई कहां-कहां बंद रहेगा बैंक?
28 मई 2026 की बात करें तो इस दिन महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, राजस्थान, बिहार, गोवा, मिजोरम और कुछ अन्य राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। जम्मू और श्रीनगर में भी 28 मई को छुट्टी रहेगी, यानी देशभर में बैंकिंग सेवाएं दो अलग-अलग दिनों में प्रभावित होंगी।
हालांकि, बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जारी रहेंगी। ग्राहक UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और एटीएम जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। लेकिन RTGS, NEFT या बड़े बैंकिंग कार्यों में कुछ देरी हो सकती है, क्योंकि शाखाओं और क्लियरिंग प्रक्रियाओं पर असर पड़ सकता है।
अब सवाल उठता है कि पूरे देश में एक ही दिन बैंक अवकाश क्यों नहीं होता? इसका मुख्य कारण चांद दिखने की परंपरा है। बकरीद इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार मनाई जाती है और इसकी तारीख चांद नजर आने पर निर्भर करती है। इसी वजह से भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और राज्य सरकारें स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार छुट्टियों की अंतिम सूची जारी करती हैं। कई बार अलग-अलग राज्यों में त्योहार मनाने की तारीख में बदलाव हो जाता है, जिससे बैंक छुट्टियों में भी अंतर देखने को मिलता है।
बकरीद को ईद-उल-अजहा या ईद-उज-जुहा भी कहा जाता है। यह मुस्लिम समुदाय का एक प्रमुख त्योहार है। ऐसे में त्योहार के दौरान बैंकिंग सेवाओं को लेकर पहले से जानकारी रखना ग्राहकों के लिए काफी जरूरी हो जाता है, ताकि किसी भी जरूरी काम में परेशानी न हो।




साइन इन