सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा फायदा या झटका? 8वें वेतन आयोग की मांगों पर बड़ा अपडेट, सामने आई अंदर की बात
8वें वेतन आयोग को लेकर सरकारी कर्मचारियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। कर्मचारी यूनियन 3.83 फिटमेंट फैक्टर, OPS बहाली, DA मर्जर और 5 फैमिली यूनिट फॉर्मूला जैसी बड़ी मांगें उठा रही हैं, लेकिन सरकार सभी मांगों को पूरी तरह मानने के मूड में नहीं दिख रही है।

8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बीच काफी उत्साह है। कर्मचारी संगठनों (Employee Unions) ने अपनी आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए सरकार के सामने कई बड़ी मांगें रखी हैं। लेकिन, एक वरिष्ठ यूनियन प्रतिनिधि के अनुसार, सरकार के लिए इन सभी मांगों को पूरी तरह स्वीकार करना आसान नहीं होगा। सरकार को कर्मचारियों के कल्याण के साथ-साथ देश के बजट, वित्तीय दबाव और दीर्घकालिक देनदारियों के बीच एक संतुलन बनाना होगा। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि पूरा मामला क्या है।
फिटमेंट फैक्टर की मांग क्यों है बड़ी चुनौती?
कर्मचारियों की सबसे प्रमुख मांगों में से एक 3.83 फिटमेंट फैक्टर की मंजूरी है। फिटमेंट फैक्टर वह फॉर्मूला है, जिससे कर्मचारियों का मूल वेतन (Basic Pay) और पेंशन तय होती है। यह जितना अधिक होगा, वेतन और भत्तों में उतनी ही बड़ी बढ़ोतरी होगी। यूनियन का तर्क है कि बढ़ती महंगाई के कारण सैलरी की वास्तविक वैल्यू कम हो गई है, इसलिए यह बढ़ोतरी जरूरी है।
चुनौती क्या है?
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यूनियन प्रतिनिधि का मानना है कि सरकार इस मांग को पूरी तरह मानने में संकोच कर सकती है। सरकार की जिम्मेदारी सिर्फ केंद्रीय कर्मचारियों तक सीमित नहीं है। जब भी केंद्र सरकार वेतन बढ़ाती है, तो इसका असर देश की अर्थव्यवस्था, विभिन्न विभागों के बजट और राज्य सरकारों पर भी पड़ता है, क्योंकि राज्य सरकारें भी इसी तर्ज पर अपने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाती हैं। इतने बड़े वित्तीय बोझ से बचने के लिए सरकार कोई बीच का रास्ता (Moderate Formula) निकाल सकती है।
5 फैमिली यूनिट' की मांग क्यों है अलग और जरूरी?
वर्तमान में सरकार न्यूनतम वेतन तय करते समय 3 सदस्यों के परिवार (पति, पत्नी और एक बच्चा) का फॉर्मूला मानकर चलती है। लेकिन, यूनियनों की मांग है कि इसे बढ़ाकर 5 सदस्यों का परिवार किया जाए। यूनियन का कहना है कि आज के समय में कर्मचारी केवल अपनी पत्नी और बच्चों का ही नहीं, बल्कि अपने बुजुर्ग माता-पिता का भी ख्याल रखते हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और मकान का खर्च लगातार बढ़ रहा है। यह मांग केवल वेतन बढ़ाने से नहीं, बल्कि आज की सामाजिक और आर्थिक सच्चाई से जुड़ी है, इसलिए इस पर सरकार का रुख सकारात्मक हो सकता है।
पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली में क्या है पेंच?
ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) को लेकर विवाद सबसे बड़ा है। कर्मचारी संगठन नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) को हटाकर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि OPS में सेवानिवृत्ति के बाद अंतिम मूल वेतन का 50% और महंगाई भत्ता (DA) पेंशन के रूप में सुरक्षित मिलता है।
जमीनी हकीकत:- यूनियन प्रतिनिधि ने दबी जुबान में स्वीकार किया कि इतने सालों बाद NPS को पूरी तरह खत्म करना आसान नहीं है, क्योंकि इसमें सरकार और कर्मचारियों का भारी पैसा लगा हुआ है।
मिडिल पाथ (बीच का रास्ता):- अब कई यूनियन केवल NPS हटाने की जिद छोड़कर OPS जैसी सुरक्षा जैसे निश्चित पेंशन की गारंटी (Guaranteed Pension Security), महंगाई भत्ते से जुड़ी पेंशन सुरक्षा (DA-linked Protection) और न्यूनतम सुनिश्चित पेंशन की मांग कर रही हैं।
सरकार क्यों चुन सकती है बीच का रास्ता?
अर्थशास्त्रियों का मानना है कि वेतन और पेंशन में बहुत बड़ी बढ़ोतरी करने से देश के खजाने पर भारी दबाव पड़ता है, जिससे महंगाई बढ़ने का खतरा भी रहता है। सरकार को कर्मचारियों की उम्मीदों को भी पूरा करना है और देश के वित्तीय घाटे को भी नियंत्रण में रखना है।
वेतन आयोग देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर संगठनों से मुलाकात कर रहा है। आने वाले समय में 22 और 23 जून को लखनऊ में एक बड़ी बैठक होने वाली है। साफ है कि 8वें वेतन आयोग की अंतिम सिफारिशें केवल कर्मचारियों की मांगों पर नहीं, बल्कि इस बात पर निर्भर करेंगी कि सरकार लंबे समय तक कितना खर्च उठाने में सक्षम है।




साइन इन