शेयरधारकों की लगी लॉटरी! 34% बढ़ा इस ऑटो कंपनी का मुनाफा, हर शेयर पर ₹150 डिविडेंड का ऐलान
Bajaj Auto Q4 Results: Q4 में बजाज ऑटो ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है। कंपनी के मुनाफे में 34% का उछाल आया है। इसके अलावा कंपनी ने ₹150 डिविडेंड और शेयर बायबैक को मंजूरी दे दी है।

Bajaj Auto Q4 Results: भारत की दिग्गज 2-व्हीलर और 3-व्हीलर निर्माता कंपनी बजाज ऑटो (Bajaj Auto) ने फाइनेंशियल ईयर 2025-26 की चौथी तिमाही (Q4) में शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजार के अनुमानों को पीछे छोड़ दिया है। निर्यात (Exports) में आई मजबूत डिमांड और महंगे व प्रीमियम वाहनों की शानदार बिक्री के दम पर पुणे स्थित इस ऑटो कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 34% बढ़कर ₹2,746.13 करोड़ पर पहुंच गया है। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को ₹2,049 करोड़ का मुनाफा हुआ था। इस दमदार प्रदर्शन से गदगद होकर कंपनी के बोर्ड ने शेयरधारकों के लिए ₹150 डिविडेंड और शेयर बायबैक (Share Buyback) की बड़ी घोषणा की है। आइए बजाज ऑटो के इन शानदार नतीजों को आसान भाषा में समझते हैं।
कैसा रहा चौथी तिमाही का रिपोर्ट कार्ड?
कंपनी ने वित्तीय मोर्चे पर हर पैरामीटर पर बाजार विश्लेषकों के अनुमानों को पीछे छोड़ा है। रेवेन्यू की बात करें तो इसमें भारी बढ़त हुई है। चौथी तिमाही में कंपनी का ऑपरेशन रेवेन्यू (Revenue) 31.8% की उछाल के साथ ₹16,005.7 करोड़ रहा, जो पिछले साल ₹12,148 करोड़ था। कंपनी का कामकाजी मुनाफा (EBITDA) 35.6% बढ़कर ₹3,322.7 करोड़ हो गया। वहीं, बेहतर कार्यकुशलता के चलते EBITDA मार्जिन सुधरकर 20.8% पर पहुंच गया।
₹12,000 प्रति शेयर के भाव पर बायबैक की मंजूरी
निवेशकों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी कंपनी द्वारा घोषित किया गया शेयर बायबैक है। बोर्ड ने टेंडर ऑफर रूट के जरिए ₹12,000 प्रति शेयर की रिकॉर्ड कीमत पर 46.94 लाख शेयरों के बायबैक को मंजूरी दी है। यह पूरा बायबैक ₹5,633 करोड़ का होगा। बाजार भाव (करीब ₹10,314) से काफी अधिक कीमत पर बायबैक की इस घोषणा से निवेशकों में भारी उत्साह है।
₹150 प्रति शेयर का बंपर डिविडेंड
बायबैक के साथ-साथ बजाज ऑटो के बोर्ड ने अपने शेयरधारकों के लिए ₹150 प्रति इक्विटी शेयर के अंतिम लाभांश (Final Dividend) की सिफारिश की है। अपकमिंग जनरल मीटिंग (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद यह डिविडेंड 24 जुलाई 2026 को या उसके आसपास उन निवेशकों को दिया जाएगा, जिनका नाम 29 मई 2026 (रिकॉर्ड डेट) तक कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज होगा।
शेयर बाजार का रिएक्शन
इन शानदार वित्तीय नतीजों और बड़ी घोषणाओं के बाद 6 मई 2026 को बजाज ऑटो का शेयर NSE पर 3.42% की तेजी के साथ ₹10,390 प्रति शेयर के भाव पर बंद हुआ। निर्यात बाजार में कंपनी की मजबूत पकड़ और इलेक्ट्रिक व प्रीमियम सेगमेंट में बढ़ते दबदबे से आने वाले दिनों में भी इसके शेयरों में अच्छी मजबूती बने रहने की उम्मीद है।




साइन इन