आशीष कचोलिया के इस शेयर ने मचाया धमाल! एयरोस्पेस ऑर्डर मिलते ही 8% उछला ये स्टॉक, एक्सपर्ट ने बताया अगला बड़ा टारगेट
एयरोस्पेस सेक्टर में एंट्री लेने के बाद BFIL (Balu Forge Industries Lmt.) के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। कंपनी को US की अल्फा एयरक्रॉफ्ट सिस्टम इंक से पहला एयरोस्पेस ऑर्डर मिला है, जिसके बाद शेयर करीब 8% तक उछल गया। इस स्टॉक में निवेशक आशीष कचोलिया की भी हिस्सेदारी है।

शेयर बाजार में इंजीनियरिंग सेक्टर की कंपनी बालू फोर्ज इंडस्ट्रीज (Balu Forge Industries) के शेयरों में मंगलवार 26 मई 2026 को जबरदस्त रौनक देखने को मिली। कंपनी का शेयर इंट्राडे में करीब 8% तक उछल गया। इस भारी तेजी के पीछे एक बेहद बड़ी और सकारात्मक खबर है। बालू फोर्ज ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि उसने एयरोस्पेस (Aerospace) यानी विमानन क्षेत्र में कदम रख दिया है और कंपनी को इस सेक्टर का पहला कमर्शियल ऑर्डर भी मिल चुका है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
मिला पहला एयरोस्पेस ऑर्डर
बालू फोर्ज ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उन्हें अमेरिका की मशहूर कंपनी 'अल्फा एयरक्राफ्ट सिस्टम्स इंक' (Alpha Aircraft Systems Inc) से हाई-टेक और सटीक एयरोस्पेस कंपोनेंट्स बनाने का पहला कमर्शियल ऑर्डर मिला है। यह कंपनी के इतिहास में एक बहुत बड़ा रणनीतिक बदलाव है, क्योंकि एयरोस्पेस इंडस्ट्री में बहुत ही कड़े क्वॉलिटी स्टैंडर्ड्स होते हैं और यहां एंट्री करना आसान नहीं होता।
कंपनी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए एडवांस पेमेंट 25 मई 2026 को ही प्राप्त हो चुकी है। एडवांस मिलते ही बालू फोर्ज ने बिना समय गंवाए इस प्रोजेक्ट के मैन्युफैक्चरिंग और डेवलपमेंट फेज पर काम शुरू कर दिया है। कंपनी के मैनेजमेंट का कहना है कि यह ऑर्डर उनकी बेहतरीन इंजीनियरिंग क्षमताओं और क्वालिटी का प्रमाण है। इस कदम से कंपनी का मुनाफा बढ़ेगा, क्योंकि एयरोस्पेस सेक्टर में मार्जिन काफी ज्यादा होता है।
निवेशक आशीष कचोलिया का भरोसा
इस कंपनी पर शेयर बाजार के 'बिग व्हेल' कहे जाने वाले दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया (Ashish Kacholia) का भी बड़ा भरोसा है। मार्च 2026 तिमाही के शेयरहोल्डिंग डेटा के मुताबिक, आशीष कचोलिया के पास बालू फोर्ज इंडस्ट्रीज में 1.64% हिस्सेदारी है, जो कि लगभग 18.91 लाख शेयरों के बराबर है। जब भी किसी बड़े निवेशक के पोर्टफोलियो स्टॉक को इतना बड़ा ऑर्डर मिलता है, तो आम रिटेल निवेशकों का भरोसा भी उस शेयर पर काफी बढ़ जाता है।
शेयर प्राइस का हाल
आज के कारोबार में बालू फोर्ज का शेयर बीएसई (BSE) पर ₹475.05 पर खुला और देखते ही देखते ₹506.40 के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। हालांकि, निचले स्तर पर इसने ₹473.85 का लो भी बनाया था। खबर लिखे जाने तक कंपनी (BALUFORGE) के शेयर 5.42% की तेजी के साथ 492 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहे थे।
एक्सपर्ट की क्या है राय?
एंजेल वन (Angel One) के इक्विटी टेक्निकल एंड डेरिवेटिव एनालिस्ट राजेश भोसले के अनुसार, इस स्टॉक में भारी ट्रेडिंग वॉल्यूम के साथ मजबूत मोमेंटम (तेजी) देखा जा रहा है। शेयर का चार्ट पैटर्न 'हायर हाई और हायर लो' बना रहा है, जो लगातार जारी रहने वाली तेजी का संकेत है। इसका आरएसआई (RSI) इंडिकेटर भी पॉजिटिव नजर आ रहा है।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ऊपर की तरफ इस शेयर के लिए अगला बड़ा रेजिस्टेंस ₹550 के आसपास है, जो इसके 200-दिनों के मूविंग एवरेज (200-DSMA) के करीब है। वहीं अगर शेयर में कोई गिरावट आती है, तो नीचे की तरफ ₹460 का स्तर एक मजबूत सपोर्ट (सहारा) के रूप में काम करेगा।एयरोस्पेस सेक्टर में बालू फोर्ज की इस धांसू एंट्री ने न सिर्फ कंपनी के बिजनेस को एक नई ऊंचाई दी है, बल्कि शेयरधारकों को भी आने वाले समय में बड़े रिटर्न की उम्मीद जगा दी है।
डिस्क्लेमर:- यह लेख केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है, कृपया कोई भी निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।




साइन इन