अनिल अंबानी की पावर कंपनी के बुरे हाल, मुनाफे से घाटे में आई कंपनी, आधे से ज्यादा टूट गया है शेयर
अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर मुनाफे से घाटे में आ गई है। कंपनी को चौथी तिमाही में 494 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 125.57 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।

अनिल अंबानी के मालिकाना हक वाली कंपनी रिलायंस पावर बुरे हाल में है। रिलायंस पावर मुनाफे से घाटे में आ गई है। अनिल अंबानी की पावर कंपनी को 31 मार्च 2026 को खत्म हुई चौथी तिमाही में 494 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड घाटा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में रिलायंस पावर को 125.57 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड मुनाफा हुआ था। रिलायंस पावर के शेयर सोमवार को BSE में गिरावट के साथ 26.67 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं।
आधे से ज्यादा लुढ़क गए हैं रिलायंस पावर के शेयर
अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर (Reliance Power) के शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई लेवल से आधे से अधिक लुढ़क गए हैं। रिलायंस पावर के शेयर 11 जून 2025 को 76.49 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 25 मई 2026 को 26.67 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 9 पर्सेंट से अधिक की गिरावट देखने को मिली है। वहीं, पिछले 6 महीने में रिलायंस पावर के शेयर 28 पर्सेंट से अधिक टूट गए हैं। इस साल अब तक रिलायंस पावर के शेयरों में 23 पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है।
95% से अधिक टूट गए हैं रिलायंस पावर के शेयर
अनिल अंबानी की मालिकाना हक वाली कंपनी रिलायंस पावर के शेयर अपने ऑल टाइम हाई लेवल से 95 पर्सेंट से अधिक लुढ़क गए हैं। रिलायंस पावर (Reliance Power) के शेयरों का ऑल टाइम हाई लेवल 565.65 रुपये है। कंपनी के शेयर 11 फरवरी 2008 को इस स्तर पर थे। इस लेवल से रिलायंस पावर के शेयर 95 पर्सेंट से ज्यादा टूट गए हैं। रिलायंस पावर ने मई 2008 में अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर का तोहफा भी दिया है। कंपनी ने 3:5 के रेशियो में अपने निवेशकों को बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 5 शेयर पर अपने शेयरधारकों को 3 बोनस शेयर बांटे।
चौथी तिमाही में कंपनी की टोटल इनकम भी घटी
रिलायंस पावर की टोटल इनकम चौथी तिमाही में घटकर 1946.33 करोड़ रुपये रही है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी की टोटल इनकम 2065.64 करोड़ रुपये रही है। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 336.89 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। वहीं, इससे पहले वित्त वर्ष 2024-25 में रिलायंस पावर को 2947.83 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की टोटल इनकम घटकर 7988.52 करोड़ रुपये रही है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 8257.04 करोड़ रुपये थी।




साइन इन