महिला थानेदार निगरानी के हत्थे चढ़ी, केस रफा-दफा करने को ले रही थी 20 हजार; 40 हजार का सौदा
पुतुल कुमारी ने राजीव रंजन को नोटिस भेजकर महिला थाने पर बुलाया और मामले को रफा-दफा करने के लिए 40 हजार रुपये की मांग की। मामला 20 हजार रुपये में सेट हो गया।

बिहार में एक और घूसखोर लोकसेवक को निगरानी टीम ने घूस लेते रंगे हाथ दबोच लिया। समस्तीपुर में निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए महिला थानाध्यक्ष पुतुल कुमारी को 20 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने महिला थाना में छापेमारी की और थानाध्यक्ष व उसके वाहन चालक गुड्डू कुमार को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार थानाध्यक्ष मोतिहारी जिले की है।
निगरानी डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छतौना गांव निवासी राजीव रंजन ने निगरानी थाना को शिकायत किया था कि उनके गांव की एक महिला द्वारा महिला थाना में एक आवेदन दिया गया था। इसके बाद थानाध्यक्ष ने राजीव रंजन को नोटिस भेजकर थाने पर बुलाया और मामले को रफा-दफा करने के लिए 40 हजार रुपये की मांग की। हालांकि मामला 20 हजार रुपये में तय हो गया। घटना को लेकर पहले कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी, लेकिन राजीव रंजन ने 10 जुलाई को निगरानी विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई। जांच में मामला सत्य पाया गया, जिसके बाद विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित राजीव रंजन ने बताया कि उनके गांव की पूजा कुमारी नामक महिला उन्हें लगातार परेशान करती थी। इस कारण उन्होंने मुफस्सिल थाना में एक आवेदन दिया था। महिला थानाध्यक्ष ने उन्हें 1 जुलाई को नोटिस देकर बुलाया, लेकिन वह पत्र उन्हें 7 जुलाई को मिला। जब वह 8 जुलाई को थाने पहुंचे, तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। मामले को रफा-दफा करने के लिए 40 हजार रुपया की मांग की गई, लेकिन बाद में मामला 20 हजार पर सेट हो गया। शनिवार को निगरानी की टीम ने राजीव रंजन के साथ महिला थाना पहुंच पहले से तय राशि 20 हजार देते हुए गिरफ्तार कर लिया।
घूसखोर महिला अफसर को निगरानी टीम अपने साथ ले गई है। पूछताछ की जा रही है। डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा और न्यायालय के आदेशपर आगे की की कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन