जमुई में 50 हजार की घूस लेते 2 अधिकारी गिरफ्तार; योजना की रकम के बदले ली रिश्वत, निगरानी का एक्शन
बिहार में निगरानी का एक्शन जारी है। मछली पालन योजना के अंतर्गत मिली राशि के बदले 50 हजार की घूस मांगने के आरोप में जमुई जिले में तैनात मत्स्य विभाग के दो पदाधिकारियों रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को जमुई जिले में पदस्थापित मत्स्य विभाग के दो पदाधिकारियों को उनके कार्यालय कक्ष से 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इनमें जिला मत्स्य विकास पदाधिकारी राजीव कुमार और जिला मत्स्य प्रसार पदाधिकारी अभय कुमार शामिल हैं। दोनों पर मछली पालन योजना के अंतर्गत मिली राशि के बदले घूस मांगने का आरोप है। निगरानी ब्यूरो ने बताया कि सोनो प्रखंड के भेलवा मोहनपुर गांव निवासी तुलसी यादव ने ब्यूरो में शिकायत की थी कि आरोपी के द्वारा एक नया तालाब निर्माण कार्य की स्वीकृति दी गयी।
उक्त कार्य को करवाने के बाद परिवादी की पत्नी के खाते में लगभग 2.14 लाख रुपये मत्स्य विभाग जमुई द्वारा भेजा गया। फिर इसके एवज में घूस की मांग की गयी। निगरानी विभाग ने इस शिकायत की सत्यता की जांच की। फिर निगरानी डीएसपी सत्येंद्र राम के नेतृत्व में जाल बिछाते हुए दोनों पदाकारियों को 50 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
निगरानी टीम दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। निगरानी अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ के बाद उनको भागलपुर स्थित निगरानी के विशेष न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जायेगी।




साइन इन