बीवी ने किया हनीट्रैप, पति और देवर ने कर दी हत्या; भागलपुर ड्राइवर मर्डर केस में प्रेमिका गिरफ्तार
मृतक का काजल नाम की युवती से अवैध संबध था। जेल से निकला पति इसे बर्दाश्त नहीं कर सका। जाल बिछाकर नवीन को बुलाया और अपने भाई के साथ मिलकर हत्या कर दी।

Bihar Crime News: बिहार के भागलपुर में ड्राइवर हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। नवगछिया के नया टोला में अवैध संबंध में हुई ट्रक ड्राइवर की हत्या के मामले का पुलिस ने सफल उद्वेदन करते हुए 48 घंटे के भीतर हत्या में शामिल युवती को गिरफ्तार कर लिया। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि पैसों के लिए मृतक से अवैध संबंध रखने वाली युवती काजल ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पति के जेल में रहते वह मृतक के साथ अफेयर में थी। जेल से निकलने के बाद पति को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। पति ने अपने भाई के साथ मिलकर ड्राइवर नवीन सिंह को जाल बिछाकर बुलाया और मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने हत्या के लिए प्रयोग में लाई गई कार और बाइक भी बरामद कर लिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि 15 मई को नवगछिया थाना को सूचना मिली की स्टेशन रोड नवगछिया नया टोला में समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते घटनास्थल पर पहुंचकर स्थल की सुरक्षित एवं घेराबंदी की गई। इस संबंध में मृतक की पत्नी की आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। विशेष टीम का गठन कर कांड में संलिप्त युवती कालज को नवगछिया से गिरफ्तार किया गया जिससे मृतक की मोबाइल के जरिए लंबी लंबी बातें होती थी। गिरफ्तारी के बाद उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसका नवीन सिंह के साथ अवैध संबंध था। वह पैसे ऐंठने के उद्देश्य से उसके साथ रिलेशन में थी।
काजल ने कबूल किया गुनाह
काजल ने पुलिस को बताया कि उसका पति जेल में था। इसका फायदा उठाकर उसने नवीन कुमार को मीठी बातें करके अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। लेकिन जेल से निकलने के बाद पति जब घर पहुंचा को आसपास के लोगों से उसे पत्नी की हरकतों की जानकारी मिल गई। सुनते ही पति आक्रोश में आ गया और पत्नी की जमकर पिटाई कर दी। बौखलाए पति ने काजल को फोन करके बुलाने को कहा। उसके पति ब्रजेश ने अपने भाई नीतीश के साथ मिलकर योजना के तहत नवीन को बुलाकर उसकी हत्या कर दी। एसपी ने कहा कि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो बरामद किया गया।
हत्या की रात नवीन और काजल के बीच लंबी बात हुई
एसपी ने बताया कि घटना की रात भी काजल और नवीन के बीच काफी देर तक बात हुई थी। काजल उसी समय एक अन्य नंबर से भी बात कर रही थी। नवीन की पत्नी के दिए सुराग के आधार पर पुलिस ने काजल और नवीन का मोबाइल चेक किया तो शक और भी गहरा हो गया। दोनों मोबाइल का कॉल डिटेल पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस काजल के पति ब्रजेश और देवर नीतीश की तलाश में छापेमारी कर रही है।
आई कार्ड से हुई थी मृतक की पहचान
जानकारी के मुताबिक 15 मई को स्टेशन रोड के नया टोला में नवीन की लाश पड़ी थी। उसकी पहचान जेब में रखे पहचान पत्र से की गई। उसके सिर पर गहरे जख्म थे। ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हत्यारे की तलाश में जुट गई। मृतक की पत्नी सविता देवी ने बताया कि नवीन ने घर के गहने बेचकर करीब चार लाख रुपए काजल को दे दिया था।




साइन इन