पति को जहर खिला मारा, कमरे में ही जलाने की भी कोशिश; बिहार में पत्नी पर संगीन आरोप
अंशु के भाई उदय कुमार सिंह, भाभी रेखा व ग्रामीणों ने पत्नी पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। पुलिस ने मौके से अंशु की पत्नी स्वीटी भारती को हिरासत में लिया है। युवक के भाई और भाभी से भी पूछताछ की गई है।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक पत्नी पर जहर देकर अपने पति को मार डालने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं आरोप यह भी है कि पत्नी ने अपने पति को कमरे में ही जलाने की कोशिश भी की। मुजफ्फरपुर में सकरा थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव के वार्ड पांच में सोमवार को संदिग्ध स्थिति में युवक की मौत हो गई। मृतक अंशु कुमार (32) था। बताया जाता है कि जहर खिलाने के बाद युवक के कमरे में आग लगा दी गई। बिस्तर और अन्य सामान जला हुआ था। हालांकि, युवक का शरीर झुलसा हुआ नहीं था।
अंशु के भाई उदय कुमार सिंह, भाभी रेखा व ग्रामीणों ने पत्नी पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। पुलिस ने मौके से अंशु की पत्नी स्वीटी भारती को हिरासत में लिया है। युवक के भाई और भाभी से भी पूछताछ की गई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कमरे से धुआं उठता देखकर शोर मचाया।
ग्रामीणों के जुटने के बाद युवक को कमरे से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में सुजावलपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। इसके बाद मुजफ्फरपुर शहर स्थित एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर शाम युवक की मौत हो गई। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से नमूने लिए हैं।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि घर बनाने के लिए अंशु लोन लिया था, किस्त जमा नहीं होने से बैंक ने उसके घर पर नोटिस चिपकाया था। इसको लेकर घर में विवाद होता रहता था। इधर, अपर थानेदार रविकांत कुमार ने बताया कि जहर खाने से युवक की मौत हुई है। उसे जलाने की कोशिश की गई। कमरे में बिस्तर और अन्य सामान जला हुआ था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। छानबीन की जा रही है।
पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में रहता था अंशु
अंशु अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कई महीने से पातेपुर के इमादपुर गांव स्थित ससुराल में रहता था। भाई के बुलावे पर रविवार को पत्नी, बच्चे संग केशोपुर आया था। बैंक द्वारा घर पर नोटिस चिपकाने के बाद भाई ने अंशु को बुलाकर समझौता करने को कहा था। युवक की शादी 2021 में हुई थी। उसे दो छोटे-छोटे बेटे हैं। करीब दो साल पहले अंशु की हादसे में दाहिना पैर टूट गया था। वह चलने में असमर्थ था।




साइन इन