बेड पर बीवी की लाश, हुक पर लटका मिला पति; फेसबुक पर अलविदा लिखकर किया सुसाइड
बेगूसराय के लाखो थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा कपल ने मंगलवार को सुसाइड कर लिया। पति ने मरने से पहले फेसबुक पर अलविदा लिखा। पत्नी की लाश कमरे में बेड पर और पति की छत के हुक पर बने फंदे से लटकी हुई मिली।

बिहार के बेगसूराय जिले में पति-पत्नी के सुसाइड का मामला सामने आया है। लाखो थाना क्षेत्र के बहदरपुर गांव में मंगलवार को एक बंद कमरे में पति-पत्नी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पत्नी का शव बेड पर पड़ा था, जबकि पति की लाश छत के हुक से गले में फंदा से लटकी हुई पाई गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय शुभम कुमार एवं उसकी पत्नी मुन्नी देवी के रूप में हुई है। घटना से कुछ देर पहले शुभम ने अपने फेसबुक अकाउंट पर अलविदा लिखकर पोस्ट किया था। दोनों का अंतरजातीय शादी हुई थी, जिससे बीवी के मायके वाले नाराज थे।
मृतक शुभम कुमार बहदरपुर गांव निवासी रूदल दास का पुत्र था। जबकि मृतका मुन्नी देवी का मायका नयागांव थाना के बागडोब गांव में था। वह रामबालक शर्मा की बेटी थी। घर में एक साथ बेटे-बहू का शव मिलने की खबर मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि आपसी विवाद में पति-पत्नी ने खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही लाखो थाने पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उसके बाद दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया गया। सदर अस्पताल में पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन को सौंप दिया गया।
एक साथ पति-पत्नी की मौत की खबर मिलते ही मृतक के घर पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। शुभम की मां विपत्ती देवी दहाड़ मारकर रोने बिलखने लगीं। उन्होंने बताया कि उन्होंने बेटे से खाना देने की मांग की, तो कमरे के अंदर से कोई आवाज नहीं आई। बार-बार आवाज देने के बाद भी जवाब नहीं आने पर शक होने लगा। परिवार के के सदस्य के साथ जब कमरे के पास गए तो वो अंदर से बंद मिला। परिजन ने कमरे का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने देखा कि पलंग पर बहू की लाश पड़ी थी और बेटा हुक से लटका हुआ था।
9 महीने पहले हुई थी लव मैरिज, खुश नहीं थे मायके वाले
शुभम की मां ने बताया कि करीब 9 महीने पहले ही बेटे की अंतरजातीय शादी हुई थी। बहू के माता-पिता इस शादी से खुश नहीं थे। शादी के 3 महीने बाद ही वे लड़की को उठाकर ले गए थे। उन्होंने मुन्नी की मांग का सिंदूर धो दिया था। हालांकि, लड़की की जिद पर उसके माता-पिता तीन माह पहले अपनी बेटी को बहदरपुर गांव से पहले कुछ दूरी पर छोड़ कर चले गए थे।
उसके बाद जब जानकारी मिली तो मुन्नी देवी को घर पर लाया गया। तब से दोनों पति-पत्नी खुशी-खुशी जिंदगी जी रहे थे। लेकिन मंगलवार को उनके परिवार के लिए काला दिन साबित हुआ। इधर, मुन्नी देवी के पिता रामबालक शर्मा ने बताया कि भागकर दोनों शादी की थी। दोनों की मौत की जानकारी मिलने के बाद वे लोग आए। कैसे एवं क्यों दोनों ने एक साथ इस दुनिया को अलविदा कह दिए यह उन्हें जानकारी नहीं है।
सदर एसडीपीओ-1 आनंद पांडेय ने कहा कि एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल से सैंपल लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि कैसे मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।




साइन इन