Why RK Singh BJP is speaking alike Prashant Kishore on political corruption warns to expose anyone who dares him …कोई चूं-चां किया तो सबका बखिया उधेड़ देंगे; प्रशांत किशोर की तरह क्यों धमकाने लगे आरके सिंह?, Bihar Hindi News - Hindustan
More

…कोई चूं-चां किया तो सबका बखिया उधेड़ देंगे; प्रशांत किशोर की तरह क्यों धमकाने लगे आरके सिंह?

आरा के सांसद रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह भाजपा में तवज्जो नहीं मिलने से नाराज चल रहे हैं। अब वो सभाओं में मंत्रियों और अफसरों के भ्रष्टाचार पर वैसी ही तीखी बातें खुलकर करने लगे हैं, जैसी बातें प्रशांत किशोर कर रहे हैं।

Thu, 25 Sep 2025 10:03 AMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
…कोई चूं-चां किया तो सबका बखिया उधेड़ देंगे; प्रशांत किशोर की तरह क्यों धमकाने लगे आरके सिंह?

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राज कुमार सिंह उर्फ आरके सिंह ने कहा है कि भ्रष्ट लोगों पर बोलना उनकी आदत रही है, पहले भी बोल चुके हैं, आगे भी बोलेंगे। उन्होंने धमकी भरे अंदाज में कहा कि अभी तो कम बोले हैं, अगर कोई चूं-चां किया तो सबका बखिया उनके पास है, यहां भी गृह सचिव रहे हैं, बखिया उधेड़ देंगे। आईएएस अफसर रहे सिंह रिटायरमेंट के बाद भाजपा में शामिल होकर आरा से दो बार सांसद और नरेद्र मोदी सरकार में सात साल मंत्री रहे लेकिन आजकल पार्टी में तवज्जो नहीं मिलने से नाराज हैं। सिंह सभाओं में और मीडिया से सरकार, मंत्रियों और अफसरों के भ्रष्टाचार पर ऐसी बातें कर रहे हैं, जैसी बातें जन सुराज पार्टी (जेएसपी) के नेता प्रशांत किशोर करते हैं।

आरके सिंह ने आरा में एक बैठक में कहा- “हमको भ्रष्ट लोगों से सख्त नफरत है। चरित्रहीन से सख्त नफरत है। क्रिमिनल से सख्त नफरत है। डंके की चोट पर कहता हूं, जहां कहीं भी रहा, चाहे एसडीओ रहे, कलेक्टर, कमिश्नर, प्रधान सचिव, गृह सचिव या मंत्री रहे, किसी का हिम्मत नहीं था हमारे अंदर में काम करते हुए कि भ्रष्टाचार करे। वो जानता था कि भ्रष्टाचार करेंगे तो ये गला काट देगा।… अंत-अंत तक यही रहा।”

आरके सिंह ने सम्राट चौधरी से इस्तीफा मांगा, कहा- प्रशांत किशोर को जवाब दें या पद छोड़ दें

प्रशांत किशोर के लहजे में बोलते हुए आरके सिंह ने कहा- “भ्रष्ट लोगों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उनको उखाड़ फेकेंगे। … जो नेता सब को देखते हैं, वो सब धरती पर बोझ है। कोई काम नहीं कर सकता है। कम पढ़ा-लिखा है। मंत्री बनता है तो मंत्रालय में कुछ नहीं कर सकता है, सिर्फ दस्तखत कर सकता है। काम अफसर करता है। वो नेता बनता है पैसा बनाने के लिए, कमीशन खाने के लिए।”

सिंह ने आगे कहा- “सीओ पैसा देकर पोस्टिंग कराता है और आपसे 2 लाख लेता है और कहते हैं बहुत भ्रष्टाचार है। बीडीओ पैसा देकर आता है और आपसे पैसा लेता है। प्रधानमंत्री आवास योजना में 20 हजार लेता है। सोचिए गरीब से। शर्म नहीं आती है। एडीएसओ पोस्टिंग कराता है, उसके बाद डीलर से पैसा लेता है और जहां पांच किलो अनाज मिलना चाहिए, वहां चार किलो मिलता है।”

जेपी नड्डा, संजय झा से कह दिए हैं… चुनाव में खिलाफ में घूम जाएंगे; बगावती तेवर में आरके सिंह

आरके सिंह ने कहा- “यहां आप इलाज नहीं करा सकते हैं, जाते हैं दिल्ली। यहां बच्चों को पढ़ा नहीं सकते हैं, भेजते हैं खेत बेचकर दिल्ली और मुंबई। यहां रोजगार नहीं मिलता है, बाहर जाते हैं। फिर भी चुनाव के समय में जात के नाम पर भ्रष्ट आदमी, चरित्रहीन आदमी को वोट कर दो। इसलिए बिहार का ये हाल है। बोलना शुरू कीजिए। भ्रष्ट लोगों को घृणा की नजर से देखिए तब ये सुधरेगा।”

आरके सिंह ने दो दिन पहले ही डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल का नाम लेकर कहा था कि जिन पर आरोप लगा है, उनको जवाब या इस्तीफा देना चाहिए। सिंह ने भाजपा नेता राघवेंद्र सिंह और अमरेंद्र सिंह तथा जदयू नेता भगवान कुशवाहा और राधाचरण साह का नाम लेकर आरोप लगाया था कि इन लोगों ने उन्हें हराने की साजिश की। सिंह ने कहा था कि उन्होंने जेपी नड्डा और संजय झा से कह दिया है कि अगर इनको टिकट दिया जाता है तो वो इनके खिलाफ क्षेत्र में घूम-घूमकर प्रचार करेंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:वीर कुंवर सिंह की मूर्ति का अनावरण अवैध, आरके सिंह पर दर्ज हो केस; बोले सांसद
ये भी पढ़ें:पवन सिंह की भाजपा में वापसी के पैरोकार बने आरके सिंह, विधानसभा लड़ने को भी तैयार
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।