नए राज्यपाल सैयद अता हसनैन कब लेंगे शपथ? पटना में जोरदार स्वागत; क्या बोले स्पीकर प्रेम कुमार
रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन भारतीय सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर के पूर्व कमांडिंग इन चीफ रह चुके हैं। वे 2018 में कश्मीर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति भी रहे हैं।

Bihar Governor: बिहार के नए राज्यपाल रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन गुरुवार की दोपहर पटना पहुंचे। 14 मार्च को वे लोकभवन में बिहार के 43वें राज्यपाल का पदभार संभाल लेंगे। पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। वे बिहार के वर्तमान राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान की जगह लेंगे। सैनिक बैकग्राउंड के नए राज्यपाल बहुत अनुसाशन प्रिय बताए जाते हैं। उनसे बिहार को काफी उम्मीदें हैं।
पटना एयरपोर्ट पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खां ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से सीधे वे लोकभवन पहुंचे। राज्यपाल के प्रधान सचिव आरएल चोंग्थू ने उनका स्वागत किया। यहां उन्होंने के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर माननीय राज्यपाल को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया गया।
रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन भारतीय सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर के पूर्व कमांडिंग इन चीफ रह चुके हैं। वे 2018 में कश्मीर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति भी रहे हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने किया स्वागत
विस अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन का पटना एयरपोर्ट पर पुष्पगुच्छ देकर स्वागत–अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की जननी बिहार में राज्यपाल का हार्दिक स्वागत है। उनके मार्गदर्शन में बिहार प्रगति और विकास के पथ पर अग्रसर रहेगा।
मार्च 2026 में हुए एक बड़े फेरबदल के तहत, भारत सरकार ने 9 राज्यों के राज्यपाल और 2 केंद्र शासित प्रदेशों (दिल्ली-लद्दाख) के उपराज्यपाल (LG) बदले हैं। प्रमुख नियुक्तियों में तरनजीत सिंह संधू दिल्ली के नए LG, विनय कुमार सक्सेना लद्दाख के LG, और सैयद अता हसनैन बिहार के नए राज्यपाल बने हैं। पश्चिम बंगाल में सी.वी. आनंद बोस के इस्तीफे के बाद आर.एन. रवि को राज्यपाल की जिम्मेदारी दी गई है। महाराष्ट्र में पहले सी.पी. राधाकृष्णन राज्यपाल थे, अब उनकी जगह जिष्णु देव वर्मा को यह पद दिया गया है। तेलंगाना में पहले जिष्णु देव वर्मा थे, अब उनकी जगह शिव प्रताप शुक्ला को राज्यपाल बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश में पहले शिव प्रताप शुक्ला राज्यपाल थे, अब यह जिम्मेदारी कविंदर गुप्ता को दी गई है। नागालैंड में अजय कुमार की जगह नंद किशोर यादव को राज्यपाल बनाया गया है। लद्दाख में पहले कविंदर गुप्ता उपराज्यपाल थे, अब उनकी जगह विनय कुमार सक्सेना को यह जिम्मेदारी दी गई है। तमिलनाडु में आर.एन. रवि राज्यपाल थे, लेकिन अब राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को वहां अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।




साइन इन