कृष्ण के रूप में ढाल बनकर आए नीतीश, सीएम के सामने रो पड़ीं मंत्री लेशी सिंह
पूर्णिया में जनसभा के दौरान मंत्री लेशी सिंह भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपत्ति के समय कृष्ण बनकर उनके परिवार के लिए ढाल बनकर आए। यह बोलते हुए लेशी सिंह के आंखों से आंसू निकल गए।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान पूर्णिया में भावुक माहौल देखने को मिला। मंच से संबोधन के दौरान बिहार की खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री लेशी सिंह, नीतीश का जिक्र करते हुए रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि जब उनके परिवार पर विपत्ति आई, तब नीतीश कुमार कृष्ण के रूप में ढाल बनकर आए। यह बोलते हुए मंत्री की आंखों से आंसू निकल पड़े। बता दें कि नीतीश ने पिछले दिनों राज्यसभा जाने का फैसला लिया। कहा जा रहा है कि अगले महीने राज्यसभा सांसद बनने के बाद वे मुख्यमंत्री पद छोड़ देंगे।
नीतीश कुमार गुरुवार को समृद्धि यात्रा के तहत पूर्णिया और कटिहार जिले के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने दोनों जिलों में लगभग 895 करोड़ रुपये की कई विकास योजनाओं और परियोजनाओं की शुरुआत की। सीएम ने इस दौरान दोनों जिलों में क्रियान्वित की जा रही योजनाओं और विकास परियोजनाओं की समीक्षा भी की।
पूर्णिया में नीतीश की जनसभा के दौरान मंत्री लेशी सिंह ने मंच से सीएम की जमकर तारीफ की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "ऐसे नेता के नेतृत्व में काम करने पर मुझे गर्व हो रहा है। मुझ जैसी साधारण महिला को भी यहां तक लाने का काम उन्होंने किया।"
लेशी सिंह ने कहा कि नीतीश ने हर क्षेत्र में विकास के काम किए। लेकिन महिला सशक्तिकरण की दिशा में जो योजनाएं चली, उससे आधी आबादी को पंख लगा है। बिहार में महिलाओं को आजादी नीतीश के आने के बाद ही मिली। पंचायती राज व्यवस्था और नगर निकाय में महिलाओं को आरक्षण देकर उन्हें मौका दिया। सरकारी नौकरी में आरक्षण दिया। मंत्री ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कौन हैं लेशी सिंह?
बता दें कि लेशी सिंह पूर्णिया जिले के धमदाहा से जदयू की 6 बार की विधायक और बिहार सरकार में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री हैं। वह नीतीश की भरोसमेंद नैत्री मानी जाती हैं। लेशी सिंह के पति बूटन सिंह की साल 2000 में हत्या कर दी गई थी। वह समता पार्टी के जिलाध्यक्ष थे और क्षेत्र में दबंग छवि के नेता माने जाते थे।
बूटन सिंह की हत्या के बाद लेशी सिंह पर विपत्ति आ गई थी। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी राजनीतिक यात्रा जारी रखी। नीतीश ने भी उन पर भरोसा जताया। लेशी 2001 में समता पार्टी की जिलाध्यक्ष रहीं। 2006 में वह जदयू की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष चुनी गईं। 2007 में नीतीश ने उन्हें राज्य महिला आयोग की कमान सौंपी। साल 2014 में पहली बार उन्हें कैबिनेट में शामिल किया गया था। इसके बाद वह 2022 में दोबारा मंत्री बनाई गईं। तब से वह राज्य कैबिनेट का हिस्सा हैं।




साइन इन