जो 44 सीट लड़े, राजद 5 जीती; पूरा बिहार घूम जाते तो... तेज प्रताप बोले- ये बस 20 दिन का कमाल
बिहार चुनाव में राजद के शर्मनाक प्रदर्शन और लालू परिवार में जारी घमासान के बीच तेज प्रताप ने तंज कसते हुए कहा कि जब जेजेडी 44 सीट लड़ी तो राजद को 5 सीट मिलीं। अगर पूरा बिहार घूम जाते को 25 से 5 पर आ जाते।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में महागठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी लालू यादव की आरजेडी का बेहद बुरा हाल रहा। 25 सीटों पर राजद सिमट गई। तेजस्वी यादव जरूर अपने सीट बचाने में सफल रहे। वहीं लालू परिवार में भी घमासान मचा हुआ है। अपने साथ हुई बदसलूकी के बाद लालू की बेटी रोहिणी आचार्य ने राजनीति और परिवार से नाता तोड़ लिया है। उन्होने तेजस्वी के करीबी संजय यादव और रमीज नेमत पर गंभीर आरोप लगाए। इस बीच एक बार फिर तेजस्वी के बड़े भाई तेज प्रताप ने तेजस्वी समेत राजद पर तंज कसा है।
तेज प्रताप ने कहा कि ये तो सिर्फ़ 20 दिन का ही कमाल है। अगर मैं पूरे बिहार में घूमता तो इसी बार राजद पांच सीट पर आ जाती । हम लोग 44 सीटो पर लड़े थे वहां आरजेडी को मात्र 5 सीट ही मिली। बिहार की जनता समझ चुकी है कि राजद अब लालू जी की विचारधारा वाली पार्टी नहीं रही,बल्कि जयचंदों द्वारा हथियाई गई पार्टी बन चुकी है। जहां सिद्धांत की जगह चाटुकार बैठा हो, और समर्पण की जगह षड्यंत्र वहां सवाल भी खोखले लगते हैं। और अगर ऐसे ही हालात बने रहे तो 25 से 5 पर आने में देरी नहीं लगेगी।
तेज प्रताप ने कहा कि मैंने कभी किसी को नहीं निकाला। मुझे तो मेरे ही घर से,मेरे ही लोगों से दूर किया गया। फिर भी जिस दिन जनता ने मुझे सुना एक बात साफ़ हो गई कि राजनीति कुर्सी की नहीं, चरित्र की होती है। आज लोग ये नहीं पूछ रहे “कौन रहेगा?” आज बिहार ये पूछ रहा है कि कौन सच के साथ खड़ा है? और इसका जवाब वही देगा जिसके पास जनता का प्रेम है,न कि चापलूसों की भीड़।
आपको बता दें बिहार चुनाव के नतीजे महागठबंधन समेत राजद के लिए किसी सपने से कम नहीं रहे। जब पूरा महागठबंधन सिर्फ 35 सीटों पर सिमट गया। जिसमें राजद-25, कांग्रेस- 6, सीपीआई-माले-2, आईपीपी-1, सीपीआईएम-1 और वीपीआई को 0 सीटें मिली।




साइन इन