Bihar Weather: बिहार में उतावले बादल आज भी बरसेंगे, उत्तर बिहार में मेघ-गर्जन की चेतावनी; दक्षिण में कैसा रहेगा मौसम
Bihar Weather: मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को उत्तर बिहार विशेषकर सीमांचल के इलाके में मेघ -गर्जन के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। जबकि दक्षिण बिहार में आंशिक बादलों की आवाजाही के बीच अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं।
Bihar Weather: बिहार में मई के महीने में बारिश, वज्रपात और आंधी ने सभी को हैरान कर रखा है। मौसमविदों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर आ रही हवाएं राज्य भर में तापमान के मिश्रण से गरज तड़क वाले बादलों का निर्माण कर रही है। तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होते ही नमी पाकर बादल उतावले होकर बरस जा रहे हैं। यही वजह है कि सूबे में तापमान लगातार नियंत्रित है। बुधवार को भी राज्य के 18 जिलों में आंधी के साथ बारिश की गतिविधियां रहीं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को उत्तर बिहार विशेषकर सीमांचल के इलाके में मेघ -गर्जन के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। जबकि दक्षिण बिहार में आंशिक बादलों की आवाजाही के बीच अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। अगले तीन चार दिनों में कई जगहों पर तीन चार डिग्री तक अधिकतम तापमान ऊपर जा सकता है। वहीं नालंदा के सिलाव में 36.4 मिमी, सुपौल के बौसा में 37.4 मिमी, सुपौल के किशनपुर में 32.2 मिमी, अररिया के नरपतगंज में 30.0 मिमी, रोहतास के तिलौथू में 28.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पूर्णिया में वज्रपात, मेघ-गर्जन और बारिश की संभावना
पूर्णिया में बदरा झमाझम बरस रहा है। बुधवार सुबह झमाझम बारिश से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बुधवार सुबह ठनका गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। अगले 48 घंटे तक वज्रपात की संभावना बनी हुई है। बुधवार सुबह शहर में 25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी। पिछले 24 घंटे में 50 मिलीमीटर बारिश हुई है। झमाझम बारिश के बाद दोपहर में धूप खिलने से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार 7 से 11 मई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 10 मई एवं 12 मई को मौसम साफ रहने की संभावना बनी हुई है। हालांकि आनेवाले समय में मौसम में बदलाव की संभावना बन सकती है। येलो अलर्ट के दौरान तेज हवा बहने की संभावना है। मेघ गर्जन एवं वज्रपात के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
मुजफ्फरपुर में पुरवा हवा का जोर
दिनभर धूप-छांव के बाद बुधवार की रात अचानक आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे रात का तापमान तीन डिग्री तक गिर गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। करीब डेढ़ घंटे तक हुई बारिश की मात्रा तीन एमएम दर्ज की गई। देर रात तक बारिश का सिलसिला जारी। मौसम विज्ञान केंद्र ने अपने पूर्वानुमान में आगामी 12 मई तक जिले में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में जहां कमी आई, वहीं न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में 4.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। यह 22.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि जिले में अभी पुरवा हवा का जोर है। बंगाल की खाड़ी से आनेवाली नम हवा के कारण बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। इधर मुशहरी, बोचहां, पारू, औराई आदि प्रखंडों में आंधी-बारिश से कई जगहों पर पेड़ गिर गए।
भागलपुर में आंधी के आसार
भागलपुर जिले में बुधवाार की सुबह में बादल छाए रहे तो इस पर चली नमयुक्त पूर्वी हवाएं लोगों को सुहाने मौसम का एहसास करा रही थी। लेकिन सुबह 11 बजे के बाद बादल छंटे तो सूरज की तपिश बढ़ने लगी। छांव में गर्मी से राहत मिली, लेकिन बाहर निकले लोगों को गर्मी व उमस ने पसीने छुड़ा दिए। रात में गर्मी के तेवर अन्य दिनों की तुलना में तल्ख रहे। बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो इस दौरान दिन का पारा 4.3 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। रात का पारा 5.3 डिग्री सेल्सियस तक उछल गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 29.7 व न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार को 30 से 40 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से गरज के साथ धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है।




साइन इन