corrupt District Sub Registrar amrendra kumar is crorepati eou said he purchase land gold biscuit and luxury cars करोड़पति निकला बिहार का भ्रष्ट रजिस्ट्रार, बीवी के नाम पर जमीन, सोने के बिस्किट और महंगी गाड़ियां भी खरीदी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

करोड़पति निकला बिहार का भ्रष्ट रजिस्ट्रार, बीवी के नाम पर जमीन, सोने के बिस्किट और महंगी गाड़ियां भी खरीदी

ईओयू के मुताबिक, अमरेंद्र कुमार ने अपनी गृहिणी पत्नी नीता कुमारी के नाम पर सिलीगुड़ी शहर की पॉश सोसाइटी में करीब छह करोड़ रुपये की लागत से 25 कट्ठा भूखंड खरीदा है। जिला अवर निबंधक ने 2021 में पटना के आशियाना-दीघा रोड स्थित मुख्य मार्ग पर राज अपार्टमेंट में 65 लाख रुपये से फ्लैट खरीदा है।

Thu, 7 May 2026 06:32 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
करोड़पति निकला बिहार का भ्रष्ट रजिस्ट्रार, बीवी के नाम पर जमीन, सोने के बिस्किट और महंगी गाड़ियां भी खरीदी

आय से अधिक संपत्ति मामले के आरोपी बिहार के सुपौल के जिला अवर निबंधक अमरेंद्र कुमार के पास 10 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति मिली है। बुधवार को पटना, सुपौल और सारण स्थित पांच ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने छापेमारी की। इस दौरान उनके पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में छह करोड़ रुपये से अधिक के प्रॉपर्टी निवेश, दो गोल्ड बिस्किट सहित करीब 1.25 करोड़ रुपये के गहने और महंगी गाड़ियां खरीदने का पता चला है। ईओयू के मुताबिक, अमरेंद्र कुमार ने अपनी गृहिणी पत्नी नीता कुमारी के नाम पर सिलीगुड़ी शहर की पॉश सोसाइटी में करीब छह करोड़ रुपये की लागत से 25 कट्ठा भूखंड खरीदा है।

यह भूखंड किशनगंज के निलंबित थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन के चिह्नित भूखंड के नजदीक ही है। कागज पर इसका भुगतान चार करोड़ रुपये बताया गया है। हालांकि जांच टीम के मुताबिक इस भूखंड की बाजार कीमत छह करोड़ रुपये से अधिक है। इसकी घेराबंदी पर भी करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। ईओयू को इसके भुगतान किए जाने संबंधित साक्ष्य मिले हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में बादल आज भी बरसेंगे, उत्तर बिहार में चेतावनी;दक्षिण में कैसा रहेगा मौसम
ये भी पढ़ें:बिहार के 11 टाउनशिप किस-किस थीम पर बसेंगे, जमीन की खरीद-बिक्री पर लगी रोक

फ्लैट की सज्जा में डेढ़ करोड़ खर्च

जिला अवर निबंधक ने 2021 में पटना के आशियाना-दीघा रोड स्थित मुख्य मार्ग पर राज अपार्टमेंट में 65 लाख रुपये से फ्लैट खरीदा है। इस फ्लैट की साज-सज्जा पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है। उन्होंने अपनी सास गायत्री देवी के नाम पर 2016 में सोनपुर (सारण) में 4.5 लाख रुपये में तीन कट्ठा जमीन खरीदी है। ईओयू की जांच में अवर निबंधक द्वारा रिसॉर्ट व्यवसाय में भी निवेश करने की जानकारी मिली है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है।

ड्राइवर के नाम पर खरीदी दो स्कॉर्पियो

ईओयू की जांच में पता चला है कि जिला अवर निबंधक ने 2023 और 2024 मॉडल की दो स्कॉर्पियो और दो लाख रुपये मूल्य की एक स्कूटी खरीदी है। स्कॉर्पियो खरीदने में करीब 42 लाख रुपये खर्च किए गए। ईओयू सूत्रों के मुताबिक अमरेंद्र कुमार ने काली कमाई छिपाने के लिए दोनों स्कॉर्पियो अपने ड्राइवर के नाम पर खरीदी है। ऐसे में ईओयू ड्राइवर को भी बुला कर पूछताछ करेगी। ईओयू की प्रारंभिक जांच में जिला अवर निबंधक के पास आय से 1.10 करोड़ रुपये की अधिक संपत्ति पाई गयी, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच की गयी। यह उनकी ज्ञात आय से लगभग 65 फीसदी अधिक पायी गई।

स्वयं, पत्नी और बच्चों के नाम पर निवेश किया

ईओयू के मुताबिक अमरेंद्र कुमार ने स्वयं, अपनी पत्नी व बच्चों के नाम पर जीवन बीमा पॉलिसियों में 12 लाख रुपये और म्यूचुअल फंड में तीन लाख रुपये से अधिक का निवेश किया है। एचडीएफसी और एसबीआई के उनके बैंक खाते में 4.5 लाख रुपये जमा हैं। एसबीआई के पीपीएफ खाते में 20 लाख से अधिक की जमा राशि मिली है। अवर निबंधक ने भारी मात्रा में आभूषणों की खरीद की है, जिससे संबंधित रसीद बरामद हुए हैं। सुपौल स्थित किराये के आवास में तलाशी के दौरान 86500 रुपये मिले हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।