नीतीश की समृद्धि यात्रा के मंच पर नजर आए विजय सिन्हा, सीएम ने सम्राट चौधरी को इधर से उधर किया
लखीसराय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के मंच पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा भी नजर आए। नीतीश ने सम्राट चौधरी को इधर से उधर किया, फिर विजय सिन्हा के कंधे पर हाथ रख उनका जनता से अभिवादन कराया।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के बाद नए सीएम पर चर्चा तेज हो गई है। राज्यसभा जाने से पहले नीतीश बिहार में समृद्धि यात्रा निकाल रहे हैं। उनका कार्यक्रम गुरुवार को लखीसराय जिले में हुआ। मंच पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के साथ गुरुवार को दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा भी नजर आए। इस दौरान मंच पर जो कुछ हुआ, वह चर्चा का विषय बन गया।
सीएम नीतीश कुमार अपना भाषण खत्म कर जब मंच पर बैठे नेताओं के पास गए तो पहले उन्होंने सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा। फिर उनके दूसरी तरफ खड़े विजय सिन्हा को पास बुलाया। तब सीएम ने सम्राट को इधर से उधर किया और सिन्हा के कंधे पर हाथ रख जनता से उनका अभिवादन कराया।
दरअसल, इस महीने समृद्धि यात्रा के तहत नीतीश कुमार ने कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार के कई जिलों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ अक्सर एक डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ही नजर आए। इससे पहले के कार्यक्रमों में नीतीश मंच से सम्राट के कंधे पर हाथ रख जनता से अभिवादन करवाते रहे हैं।
हालांकि, विजय सिन्हा पूर्व के कार्यक्रमों के नीतीश की यात्रा में नजर नहीं आए। वे पटना में ही विभागीय कार्यों में व्यस्त थे। हाल के दिनों में गुरुवार को पहला मौका रहा, जब विजय सिन्हा भी नीतीश की यात्रा में साथ रहे। सिन्हा लखीसराय से भाजपा के विधायक हैं। उनके गृह क्षेत्र में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम हुआ, तो उनका मंच पर होना लाजमी है। नीतीश ने मंच पर सिन्हा को तवज्जो दी तो इस पर भी सियासी गलियारों में चर्चा होने लग गई।
सम्राट की ओर इशारा कर नीतीश बोले- आगे यही सब करेंगे
बुधवार को जमुई में सम्राट की ओर इशारा करते हुए नीतीश ने कहा था कि अब आगे यही सब काम करेंगे। इससे बिहार में नए सीएम को लेकर चल रही अटकलों में सम्राट की चर्चा तेज हो गई। हालांकि, बाद में जेडीयू के वरीय नेता विजय चौधरी ने इस बात को खारिज कर दिया कि नीतीश का सम्राट को तवज्जो देने का मतलब यह नहीं है कि वे नए सीएम पर संकेत दे रहे हैं।
बिहार में भाजपा का हो सकता है मुख्यमंत्री
नीतीश के राज्यसभा सांसद बनने के बाद अप्रैल में बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलेगा। अब तक की चर्चाओं और अटकलबी के अनुसार अगला सीएम भारतीय जनता पार्टी से होगा। हालांकि, अभी तक नए सीएम का नाम तय नहीं किया गया है। बिहार एनडीए के नेताओं का कहना है कि शीर्ष नेतृत्व मिलकर इस पर फैसला लेगा।
भाजपा में सीएम पद की रेस में सम्राट चौधरी का नाम टॉप पर चल रहा है। उनके बाद विजय सिन्हा, नित्यानंद राय (केंद्रीय मंत्री) समेत अन्य कई नामों की अटकलें हैं। हालांकि, भाजपा एकदम नए चेहरे को सीएम की कुर्सी पर बैठाकर अक्सर चौंकाती रही है। बिहार में भी ऐसा कमाल हो तो कोई अचरज वाली बात नहीं होगी।




साइन इन