vehicles not allowed near patna airport income tax golumber and sheikhpura morh traffic advisory before pm modi visit पटना एयरपोर्ट, शेखपुरा मोड़ और आयकर गोलंबर तक नहीं चलेंगी गाड़ियां, PM मोदी के रोड शो से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पटना एयरपोर्ट, शेखपुरा मोड़ और आयकर गोलंबर तक नहीं चलेंगी गाड़ियां, PM मोदी के रोड शो से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

29 मई की शाम 4 से रात 8 बजे तक एयरपोर्ट जाने वाले रास्ते के साथ ही नेहरू पथ पर शेखपुरा मोड़ से पूरब आयकर गोलम्बर तक दोनों फ्लैंक पर कोई वाहन नहीं चलेगा। वीरचंद पटेल पथ पर आर ब्लॉक गोलम्बर के नीचे और आर ब्लॉक गोलम्बर आरओबी के ऊपर से आयकर गोलम्बर तक दोनों तरफ वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

Wed, 28 May 2025 06:13 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
पटना एयरपोर्ट, शेखपुरा मोड़ और आयकर गोलंबर तक नहीं चलेंगी गाड़ियां, PM मोदी के रोड शो से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 29 मई की शाम को होने वाला रोड शो पटना हवाई अड्डे से प्रारंभ होकर शेखपुरा मोड़, पटेल भवन, पुनाईचक, हाई कोर्ट होते हुए आयकर गोलंबर पहुंचेगा। इसके बाद प्रधानमंत्री भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। रोड शो के दौरान सड़कों के किनारे 32 स्थानों पर प्रधानमंत्री का अभिवादन होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रोड शो के दौरान 29 मई को एयरपोर्ट के आसपास और शेखपुरा मोड़ से आयकर गोलंबर तक कोई वाहन नहीं चलेगा। आयकर गोलंबर से वीरचंद पटेल पथ पर आर ब्लॉक तक भी दोनों फ्लैंक पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। 29 मई की शाम चार से रात आठ बजे तक चार घंटे वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। ट्रैफिक एसपी अपराजित लोहान ने बताया कि इस दौरान आपातकालीन वाहन और पासधारक वाहन आ जा सकेंगे। दरअसल, पटना एयरपोर्ट से 29 मई की शाम प्रधानमंत्री का रोड शो प्रस्तावित है।

रोड शो एयरपोर्ट से रवाना होकर शेखपुरा मोड़, हड़ताली मोड़, पटना हाई कोर्ट, आयकर गोलम्बर से वीरचंद पटेल पथ होते भाजपा कार्यालय के पास समाप्त होगा। रोड शो की सुरक्षा के मद्देनजर 29 मई की शाम 4 से रात 8 बजे तक एयरपोर्ट जाने वाले रास्ते के साथ ही नेहरू पथ पर शेखपुरा मोड़ से पूरब आयकर गोलम्बर तक दोनों फ्लैंक पर कोई वाहन नहीं चलेगा। वीरचंद पटेल पथ पर आर ब्लॉक गोलम्बर के नीचे और आर ब्लॉक गोलम्बर आरओबी के ऊपर से आयकर गोलम्बर तक दोनों तरफ वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार के पूर्वी हिस्से में ठनका और तेज हवा की चेतावनी, पटना में कैसा रहेगा मौसम

जिला परिवहन कार्यालय से एयरपोर्ट की तरफ वाहनों का परिचालन नहीं होगा और ना ही कोई वाहन शेखपुरा मोड़ से एयरपोर्ट की ओर जाएगा। यातायात पुलिस ने परेशानी से बचने के लिए हवाई यात्रियों को तय समय से तीन घंटा पहले एयरपोर्ट पहुंचने की अपील की है। रोड शो के दौरान एयरपोर्ट जाने वाले यात्री जिला परिवहन कार्यालय (फुलवारीशरीफ) अथवा पटेल गोलम्बर पहुंच सकते हैं। वहां से यातायात पुलिस यात्रियों को वैध टिकट देखकर एयरपोर्ट पहुंचाने में सहायता करेगी।

30 को राजभवन से एयरपोर्ट तक 1 घंटा नहीं चलेंगे वाहन

प्रधानमंत्री 30 मई की सुबह राजभवन से रवाना होंगे। उनका काफिला पटेल गोलम्बर से एयरपोर्ट पहुंचेगा। वीवीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर 30 मई की सुबह 9.00 से 10:05 बजे तक राजभवन से पटना हवाई अड्डा के आसपास की सड़कों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान पटेल गोलम्बर से हवाई अड्‌डा की ओर कोई वाहन नहीं चलेगा। वेटनरी कॉलेज से भी एयरपोर्ट की ओर वाहनों को आने नहीं दिया जाएगा। सुबह एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़ने वालों को एक घंटा पहले डुमरा चौकी पहुंचना होगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जून में बिहार का मौसम रहेगा सुहाना, नहीं चलेगी लू; मानसून में कैसी होगी बारिश

वैकल्पिक मार्ग के तौर पर रहेगा मरीन ड्राइव

प्रधानमंत्री का रोड शो नेहरू पथ पर होने वाला है लेकिन आकस्मिक व्यवस्था के तौर पर मरीन ड्राइव को भी रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति में नेहरू पथ से मरीन ड्राइव की ओर वाहनों को निकाला जा सकता है। जब प्रधानमंत्री का आगमन होगा तो मरीन ड्राइव पर भी सुरक्षा के प्रबंध किए जाएंगे। इसके लिए डाकबंगला से गांधी मैदान होते हुए प्रमंडल कार्यालय के सामने से मरीन ड्राइव की ओर वाहनों को ले जाया जा सकता है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।