ललन सिंह ने सूर्यगढ़ा में जनता को मीट-भात खिलाया, राजद ने सावन में मटन पार्टी पर उठाया सवाल
राष्ट्रीय जनता दल ने फेसबुक पर लिखा, ‘भगवान भोलेनाथ के पवित्र सावन मास में भी ललन सिंह मटन पार्टी देने से बाज नहीं आए!हिंदू धर्म के ये ठेकेदार दूसरों को तो खूब नसीहत देते हैं पर जब अपनी बारी आती है तो धर्म, रीत, परंपरा, नैतिकता... सब भूल जाते हैं!’

सावन का महीना है और बिहार में सावन के पर्व को लेकर लोगों की काफी आस्था होती है। सावन के महीने के बीच बिहार के मुंगेर जिले में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की मटन पार्टी की काफी चर्चा हो रही है। मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के सूर्यगढ़ा बाजार स्थित एनएच 80 के किनारे पेट्रोल पंप के पास बुधवार को जदयू के संवाद कार्यक्रम में मटन पार्टी का भोज कार्यकर्ताओ के लिए आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सह केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एवं सूबे के वरीय मंत्री अशोक चौधरी की उपस्थिति में मटन भोज का आयोजन किया गया।
सांसद ने स्टेज से घोषणा किया कि मटन एवं सादा खाना का इंतजाम है, जो लोग मटन खाना चाहते हैं वे खा सकते हैं। सावन जैसे पवित्र माह में कार्यक्रम के दौरान मटन पार्टी का आयोजन चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल के आधिकारिक फेसबुक अकाउंटर से इस मटन भोज पर तंज भी कसा गया है।
राष्ट्रीय जनता दल ने फेसबुक पर लिखा, ‘भगवान भोलेनाथ के पवित्र सावन मास में भी ललन सिंह मटन पार्टी देने से बाज नहीं आए!हिंदू धर्म के ये ठेकेदार दूसरों को तो खूब नसीहत देते हैं पर जब अपनी बारी आती है तो धर्म, रीत, परंपरा, नैतिकता... सब भूल जाते हैं!’ रोहिणी आचार्य ने एक्स पर लिखा, ‘ढोंग रच - रच ढकोसले फ़ैला, दूसरों के खान - पान में खोट निकालने वाले , कपटी और बड़े धूर्त हैं ये कान फूँकने वाले..कथनी करनी में अंतर इनके, हैं ये जहरीले मंतर फूंकने वाले ये धर्म का मर्म छिपाते हैं , अपना थूका ही चाट जाते हैं, हैं असल में ये दोहरे चरित्र वाले ..’
बहरहाल आपको बता दें कि मटन पार्टी के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर मटन भोज का आंनद लिया। वहीं कार्यक्रम के दौरान एनडीए के अन्य सहयोगी दलों की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय बना रहा। आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले भी केंद्रीय मंत्री ने मुंगेर के कुछ इलाकों में जनता को मटन-भात खिलाया था।




साइन इन