अभी समधिनिया पर... जीतनराम मांझी को सोशल मीडिया पर धमकी, वीडियो वायरल; एक्शन में SSP
एक युवक ने वीडियो वायरल करके केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को हमले की धमकी दी है। मामला ज्योति देवी पर हमले से जुड़ा है।

Jitan Ram Manjhi Threatened: केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को एक अज्ञात युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर हमला करने की चेतावनी दी है। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। युवक ने वीडियो में मंत्री को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और हमला करने की धमकी दी। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमा अलर्ट हो गया है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की सच्चाई की पुष्टि नहीं करता है। हम यह वीडियो आपको दिखा नहीं सकते। वीडियो में एक युवक अपनी जाती का जिक्र करते हुए श्री मांझी को धमकी देता दिख रहा है। इस घटना के लिए केंद्रीय मंत्री ने थानेदार को थाने से हटाने की मांग पर आन्दोलन की चेतावनी दी। मंत्री संतोष कुमार सुमन ने भी कहा कि अब समय बदल गया है। कोई दलितों को कमजोर नहीं समझे।
वायरल वीडियो में युवक यह कहते नजर आ रहा है कि ‘अभी समधिनिया पर हमला हुआ है, तोरो ऊपर हमला होगा। इसलिए यादव दारोगा पर टारगेट करना छोड़ दो।’ वीडियो कब और कहां बनाया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए गया के एसएसपी सुशील कुमार ने तुरंत संज्ञान लिया है।
एसएसपी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साइबर सेल की मदद से वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई युवक की पहचान जानता हो तो तत्काल सूचना दें, ताकि वीडियो वायरल करने वाले युवक पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन और बाराचट्टी से विधायक ज्योति देवी के काफिले पर गया जिले के मोहनपुर में रास्ता विवाद को लेकर हमला हुआ था। इस दौरान भीड़ में शामिल लोगों ने सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई की और सबके लिए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। मामला प्रकाश में आया तो सियासत सुलग गई। अगले दिन मंत्री और उनके बेटे ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
जीतन मांझी ने घटना के तुरंत बाद नाराजगी और चेतावनी वाली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे और पुलिसकर्मियों पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया था। कहा था कि दारोगा को नहीं हटाया गया तो एसपी और डीएम के आवास का घेराव करेंगे और वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। बिहार सरकार के मंत्री और मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन ने भी इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई।




साइन इन