दर्द नहीं समझ सकते, तो नमक भी मत छिड़को; जीतनराम मांझी को चिराग पासवान ने दे दी नसीहत
दिल्ली में बिहारी लड़के की हत्या पर जीतनराम मांझी के बयान की सहयोगी चिराग पासवान ने निंदा की है। चिराग ने मांझी को नसीहत दे दी। मांझी ने कहा था कि मार दिया तो मार दिया, कौन बड़ी बात है।

दिल्ली में बिहारी लड़के की हत्या पर केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के 'मार दिया तो मार दिया' वाले बयान से सियासी पारा गर्माया हुआ है। अब नरेंद्र मोदी कैबिनेट में उनके सहयोगी एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान ने भी मांझी के बयान की निंदा की है। चिराग ने मांझी को नसीहत दी है कि अगर वह पीड़ित परिवार का दर्द नहीं समझ सकते, तो उस पर नमक भी नहीं छिड़कना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा, "जीतनराम मांझी मेरे सहयोगी हैं। सम्मानित हैं, बड़े-बुजुर्ग हैं, आदरणीय हैं। लेकिन इस तरह से नहीं बोलना चाहिए। एक बिहारी ही नहीं, देश के किसी भी व्यक्ति की हत्या की जाए, चाहे वो किसी भी जाति, धर्म, या राज्य का हो। आप नहीं बोल सकते हैं कि मर गया तो मर गया। आपको उस परिवार का दर्द का एहसास नहीं है, तो उस पर नमक छिड़कने का भी अधिकार नहीं है।"
चिराग ने कहा कि मेरी इस बात का राजनीतिक रंग भी दिया जाएगा। कहा जाएगा कि गठबंधन के भीतर दरार आ गई है। मगर वह ऐसे बयानों का समर्थन नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज वह मांझी के बयान का समर्थन या बचाव करेंगे, तो पीड़ित परिवार से कभी आंख नहीं मिला पाएंगे।
दिल्ली में पुलिस वाले ने बिहारी लड़के की हत्या
पिछले सप्ताह दिनों दिल्ली के द्वारका इलाके में एक पुलिसकर्मी ने बिहार के खगड़िया निवासी पांडव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोलीबारी में पांडव का एक दोस्त भी घायल हुआ था। दोनों रात में एक बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। बताया गया कि पांडव कुमार दिल्ली में डिलीवरी बॉय का काम करता था। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीड़ित परिवार को 8 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। गोली चलाने वाला आरोपी दिल्ली पुलिस का कॉन्स्टेबल था। इस मामले पर सियासत चरम पर है।
मांझी ने क्या कहा?
बीते 28 अप्रैल को जब हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के सुप्रीमो जीतनराम मांझी से इस घटना पर सवाल किया गया, तो उन्होंने अजीबोगरीब बयान दे दिया। मांझी ने कहा, "ये कौन बड़ी बात है, मार दिया तो मार दिया। मारा गया पुलिस की गोली से तो कोई बात होगी। इसकी जांच होगी। अगर मारने वाला गलत होगा तो उस पर कार्रवाई होगी।" मांझी के इस बयान पर विपक्ष ने आपत्ति जताई है। अब सहयोगी चिराग पासवान भी उन पर निशाना साधने लग गए हैं।




साइन इन