दो-चार से काम नहीं चलेगा, हम को 20 सीटें चाहिए; जीतनराम मांझी ने BJP को वजह भी गिनाई
हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के सुप्रीमो जीतनराम मांझी ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सामने 20 सीटों की मांग रख दी है। एनडीए में अभी सीट बंटवारा नहीं हुआ है।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए में सीट बंटवारे से पहले केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने भारतीय जनता पार्टी के सामने अपनी डिमांड रख दी है। हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के सुप्रीमो मांझी ने बुधवार को कहा कि इस बार दो-चार सीट से काम नहीं चलेगा। उनकी पार्टी को कम से कम 20 सीटें चाहिए। उन्होंने इसकी वजह भी बताई और कहा कि हमें सीटें इतनी चाहिए जिससे हमारी इज्जत बची रहे।
जीतनराम मांझी ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि भागलपुर, दरभंगा समेत अन्य जिलों में उनकी पार्टी की बैठकें हो चुकी हैं। आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की यह मांग है। अगर एनडीए में उनकी पार्टी को लेकर सहानुभूति और सम्मान है तो कम से कम 20 सीटें दी जानी चाहिए।
मांझी ने भाजपा नेताओं के बयानों का हवाला देकर कहा कि एनडीए की जिन-जिन विधानसभा में बैठकें हो रही हैं, वहां हम के कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। पिछले दिनों गयाजी में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम हुआ था, वहां भी हम के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे थे। सभा में आधे से ज्यादा झंडे और टोपियां हिंदुस्तान आवाम मोर्चा की नजर आ रही थी।
20 सीटों की डिमांड के मांझी ने गिनाए कारण
हम सुप्रीमो जीतनराम मांझी ने कहा कि उनकी पार्टी को विधानसभा में सम्मानजनक सीटें मिलेंगी, तो मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने जो फैसले लिए थे उन्हें लागू करा सकेंगे। उन्होंने कहा कि हमें सीएम पद नहीं चाहिए। मगर, 15-20 विधायक रहेंगे तो मुख्यमंत्री कोई भी रहे, तो सारे काम पूर्ण करवा लेंगे।
उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने वैसे तो हमारे 35 फैसलों में से 25-26 निर्णयों को जैसे-तैसे पूरा कर लिया है। भले ही उन्हें दूसरा नाम देकर लागू किया गया है।
मांझी ने कहा कि हिंदुस्तान आवाम मोर्चा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल नहीं है। इसे मान्यता दिलाने के लिए 6 प्रतिशत वोट या 7-8 विधायकों का जीतना जरूरी है। अगर हम को कम से कम 20 सीटें मिलेंगी, तो आगामी चुनाव में उनके 10-15 विधायक बन जाएंगे और उनकी पार्टी को मान्यता मिल जाएगी।




साइन इन