बिहार NDA में सीट बंटने से पहले टिकट पर मंथन करेगी भाजपा, अमित शाह की बैठक में रणनीति तय
अमित शाह ने बुधवार को बिहार बीजेपी की कोर कमिटी के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में बैठक की। इसमें कैंडिडेट चयन, घोषणा पत्र और चुनाव प्रचार को लेकर रणनीति तय की गई।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की दिल्ली में बुधवार को अहम बैठक हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई इस मीटिंग में आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। यह तय किय गया कि एनडीए में सीट बंटवारे से पहले ही भाज टिकट पर मंथन करेगी। इसके लिए अलग-अलग सीटों से संभावित उम्मीदवारों की सूची बनाई जाएगी। बैठक में कहा गया कि चुनाव अभियान और घोषणा पत्र के लिए समिति का गठन भी जल्द किया जाएगा।
बैठक के बाद भाजपा के बिहार अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि दूसरे राज्यों से पार्टी के प्रभारी बनकर जो आते हैं, उन्हें सात-सात विधानसभा की जिम्मेदारी दी जाएगी। सभी प्रभारी अपने क्षेत्र में कैंप करेंगे और वहां की चुनावी रणनीति पर नजर रखेंगे। पार्टी के संभावित उम्मीदवारों की सूची पर भी काम जल्द शुरू होगा। ताकि, सीट बंटवारे के बाद जो भी सीट भाजपा को मिलेगी, वहां उम्मीदवार पर अंतिम निर्णय लेने में अधिक समय नहीं लगेगा।
बिहार भाजपा कोर कमिटी की बैठक में गृह मंत्री अमित शाह ने निर्देश दिया कि एनडीए के सभी नेताओं के साथ मिलकर आगे का अभियान चलाना है। विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को और प्रभावी बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास के जो कार्य हुए हैं, उन्हें घर-घर पहुंचाना है। मतदाताओं से संपर्क कर सरकार की उपलब्धि पर चर्चा करनी है।
एनडीए में सीट बंटवारे के सवाल पर जायसवाल ने कहा कि यह बैठक उस विषय पर नहीं थी। यह मामला केंद्रीय नेतृत्व का होता है। बैठक में बिहार के दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, प्रदेश संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र और राज्य के सांसद मौजूद रहे।




साइन इन