ट्रेनें फंसीं, फ्लाइट डायवर्ट, ठनका से 18 की मौत; बिहार में बेमौसम की बारिश ने कहर बरपाया
अलग-अलग जिलों में आंधी-बारिश ने भारी क्षति पहुंचाई। वज्रपात से 18 लोगों की मौत हो गई।मौसम खराब होने पटना एयरपोर्ट आने वाले चार विमानों को लखनऊ और कोलकाता डायवर्ट किया गया। सीवान-गोरखपुर रेलखंड के कुसम्ही व गौरी बाजार स्टेशनों के बीच आंधी में पेड़ गिरने से ओएचई वायर टूट गया। इससे ट्रेनें बाधित रहीं।

Bihar Weather: बेमौसम बारिश और आंधी ने तीसरे दिन भी बिहार में कहर बरपाया। शुरू के दो दिन उत्तर और पूर्वी बिहार में भारी नुकसान हुआ। गुरुवार की देर रात से शुक्रवार की दोपहर तक अलग-अलग जिलों में आंधी-बारिश ने भारी क्षति पहुंचाई। वज्रपात से 18 लोगों की मौत हो गई। वहीं आंधी के कारण दीवार गिरने और अन्य हुए हादसे में तीन की जान चली गई। आम-लीची और फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। बारिश के कारण कई ट्रेनें जहां-तहां फंसी रहीं तो कई विमानों को डायवर्ट करना पड़ा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आपदा प्रबंधन और कृषि विभाग को आंधी-बारिश से नुकसान के आकलन का निर्देश दिया है। इधर, जगह-जगह पेड़ गिरने और पोल-तार धराशायी होने से बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। ट्रेन परिचालन पर भी असर पड़ा। 13 जिलों में झमाझम बारिश हुई। इस दौरान हवा की रफ्तार 70 से 74 किमी प्रतिघंटे तक रही। भागलपुर में गुरुवार रात से शुक्रवार तक 40 मिमी बारिश हुई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
ठनका गिरने से पटना जिले में पांच, नवादा में तीन, गया में तीन,औरंगाबाद में शिक्षक सहित दो, सारण में किसान समेत दो, पूर्वी चंपारण में 12 वर्षीय छात्र, खगड़िया और भागलपुर में एक-एक की मौत हुई। वहीं, भोजपुर के चौरी गांव में झोपड़ी में ठनका गिरने से आग लग गयी। इसमें दंपती समेत एक परिवार के पांच लोग झुलस गये। सासाराम के परसथुआ में आंधी के बीच दीवार गिरने से उसमें दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गयी। पूर्वी चंपारण के पूर्वी सिसवा में पेड़ की मोटी डाल गिरने से 40 वर्षीय व्यक्ति और पश्चिमी सिसवा में ठनका की आवाज सुन पेड़ से गिरने से बालक की मौत हो गई।
चार विमान डायवर्ट, 36 विलंब
राजधानी में शुक्रवार की सुबह अचानक मौसम खराब होने पटना एयरपोर्ट आने वाले चार विमानों को लखनऊ और कोलकाता डायवर्ट किया गया। वहीं 36 विमानों का लगभग 4 घंटे तक की देरी से परिचालन हुआ। विमानों की लेटलतीफी की वजह से यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।
कई ट्रेनें फंसीं, रूट भी बदले
सीवान-गोरखपुर रेलखंड के कुसम्ही व गौरी बाजार स्टेशनों के बीच आंधी में पेड़ गिरने से ओएचई वायर टूट गया। इससे ट्रेनें बाधित रहीं। वहीं, गया में बारिश से बसकटवा-नाथगंज के बीच चढ़ाई पर नई दिल्ली-हावड़ा दुरंतो डेढ़ घंटे फंसी रही। ट्रैक पर फिसलन से ट्रेन का पहिया पकड़ नहीं बना पा रहा था। कई ट्रेनों के मार्ग बदले गए।
फलों और सब्जियों को भी भारी क्षति हुई
तेज आंधी-बारिश से फलों और सब्जियों को भारी नुकसान हुआ है। धान की खेती के लिए बारिश फायदेमंद है। गर्मा मूंग को नुकसान है। कृषि विभाग ने सभी जिलों से नुकसान की रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट आने के बाद किसानों को भरपायी होगी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रकाश सिंह के अनुसार कच्चे आम गिर और सड़ रहे हैं। राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र मुजफ्फरपुर के निदेशक डॉ. विकास दास ने बताया कि लीची में कीड़े लगने का खतरा बढ़ गया।
फसल क्षति का सर्वे कर किसानों को राहत दी जाएगी : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के कई जिलों में शुक्रवार को अचानक आई तेज आंधी-बारिश एवं ओलावृष्टि से हुई फसल क्षति एवं वृक्ष में लगे फलों के नुकसान का जायजा लेने के लिए सर्वे कराने का निर्देश कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को दिया है। उन्होंने कहा है कि तत्काल रिपोर्ट लें, ताकि किसानों को समुचित राहत दी जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य में वज्रपात की घटना में औरंगाबाद में 02, गया में 03, सारण में एक और खगड़िया में एक व्यक्ति की मृत्यु अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा है कि शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें। साथ ही उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग को मृतकों के परिजनों को अविलंब चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है।




साइन इन