Bihar Weather Heavy Rain Alert During Nautapa Mercury Drops Below 40 Mausam playing baffling game Bihar Weather: नौतपा में भारी बारिश का अलर्ट, पारा भी 40 से नीचे; बिहार में मौसम का गजब खेल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Weather: नौतपा में भारी बारिश का अलर्ट, पारा भी 40 से नीचे; बिहार में मौसम का गजब खेल

बिहार में मौसम गजब खेल दिखा रहा है। नौतपा में भीषण गर्मी के बजाय भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। बिहार में तापमान भी तेजी से गिरकर 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे चला गया है। कहीं भी हीटवेव का पूर्वानुमान नहीं है।

Thu, 28 May 2026 09:45 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
Bihar Weather: नौतपा में भारी बारिश का अलर्ट, पारा भी 40 से नीचे; बिहार में मौसम का गजब खेल

Bihar Weather: बिहार में मौसम इन दिनों अजब-गजब खेल दिखा रहा है। नौतपा में जहां आमतौर पर भीषण गर्मी पड़ती है, वहां आंधी-बारिश का मौसम बना हुआ है। मौसम विभाग ने शुक्रवार 29 मई को बिहार में कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। वहीं, राज्य में मौसम बदलने से भीषण गर्मी से भी राहत मिल गई है। राज्य भर में तापमान लुढ़क कर 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। फिलहाल राज्य में हीटवेव की कोई संभावना नहीं है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के भीतर सीमांचल क्षेत्र में भारी बारिश की आशंका जताई है। पूर्णिया और कटिहार जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, शुक्रवार को राज्य भर में आंधी-बारिश का मौसम बना रहेगा। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के सभी 38 जिलों में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की है। पटना में भी तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं।

पुरवा से बदला मौसम का मिजाज

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो बिहार में पुरवा हवाओं के तेज प्रभाव से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीते दो दिनों से राज्य भर के तापमान में बड़ी गिरावट देखी गई। इससे लू और भीषण गर्मी से राहत मिली है। उत्तर और पूर्वी बिहार में कई जगहों पर तूफान ने तबाही मचाई। कई जगहों पर तेज बारिश भी हुई।

पुरवाई के प्रभाव और तेज प्रवाह से प्रदेश के मौसम का मिजाज बदला है। बीते दो दिनों से तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। पूर्व मध्य और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र बने होने के कारण यह बदलाव आया है। वहीं, शुक्रवार को उत्तर बिहार में आंधी-बारिश के आसार हैं। खासकर कटिहार-पूर्णिया में भारी बारिश का अलर्ट है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ज्येष्ठ माह के नौतपा में मौसम के ठंडे तेवर से किसानों की बढ़ी चिंता

इस सप्ताह बिगड़ा रहेगा मौसम, पारा और गिरेगा

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बिहार में इस सप्ताह आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। आगामी दो-तीन दिनों तक राज्य भर में कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं। उत्तर बिहार में इसका प्रभाव ज्यादा दिख सकता है। इस दौरान तापमान के और गिरने की संभावना है। शुक्रवार से रविवार तक पारा 3 से 4 डिग्री सेल्सियस और कम हो सकता है।

क्या है नौतपा?

हर साल हिंदू पंचांग के अनुसार ज्येष्ठ मास में नौतपा आता है। माना जाता है कि इस दौरान सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है। यह 9 दिनों तक चलता है और इस दौरान भीषण गर्मी पड़ती है। इस साल नौतपा 25 मई को शुरू हुई है, जो 2 जून तक चलेगा। खेती और मॉनसून के लिए नौतपा बहुत ही महत्वपूर्ण माने जाते हैं। जानकारों का मानना है कि नौतपा में बारिश हो जाए तो मॉनसून के कमजोर रहने की आशंका बढ़ जाती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मौसम ने बदली करवट, तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश

बिहार के विभिन्न शहरों में अधिकतम तापमान (28 मई)-

  • पटना - 34.7 डिग्री सेल्सियस
  • गयाजी - 36.5 डिग्री सेल्सियस
  • दरभंगा - 32.6 डिग्री सेल्सियस
  • छपरा - 38.2 डिग्री सेल्सियस
  • भागलपुर - 32.7 डिग्री सेल्सियस
  • पूर्णिया - 34 डिग्री सेल्सियस
  • औरंगाबाद - 37.1 डिग्री सेल्सियस
  • कैमूर - 39.9 डिग्री सेल्सियस
  • डेहरी - 39.4 डिग्री सेल्सियस

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।