Kaimur Weather: किसी पर गिरा पेड़ तो कोई ठनका से मरा, कैमूर में आंधी-बारिश ने 4 लोगों की जान ली; आगे कैसा रहेगा मौसम
Kaimur Weather: भगवानपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में मड़ई पर ठनका और पेड़ गिरने से वृद्ध और पहाड़िया खुर्द में अधेड़ के शरीर पर आम का पेड़ गिरने से मौत हो गई। भभुआ थाना क्षेत्र के भेकास गांव में वज्रपात से युवक की मौत हुई है।

Kaimur Weather: बिहार के कई जिलों में मई के महीने में हो रही आंधी-बारिश और वज्रपात से काफी नुकसान हुआ है। कई जगहों पर पेड़ गिरने और जानमाल के क्षति से संबंधित खबरें सामने आई हैं। अब कैमूर जिले में बुधवार की रात आंधी-पानी के दौरान विभिन्न हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। कैमूर जिले में बुधवार की देर शाम आई तेज आंधी-पानी के बीच विभिन्न तरह के हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। मृत लोगों में भगवानपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी 70 वर्षीय लालजी बिंद, भभुआ थाना क्षेत्र के भेकास गांव में ठनका गिरने से चिरकुट बिंद के 45 वर्षीय पुत्र मुसहरी बिंद उर्फ मुंगेरी बिंद, भगवानपुर थाना क्षेत्र के पहड़िया खुर्द निवासी हलकानी बिंद के 40 वर्षीय पुत्र भानू बिंद और बेलांव के खजुरा सरैयां निवासी मंगरू राम के 30 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण कुमार शामिल हैं।
बताया गया है कि भगवानपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर स्थित अपनी मड़ई में लालजी बिंद बैठे थे। इसी दौरान उनकी मड़ई पर आकाशीय बिजली और लिप्टस का पेड़ गिर पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई। भभुआ थाना क्षेत्र के भेकास गांव के मुसहरी बिंद उर्फ मुंगेरी बिंद की मौत भी ठनका गिरने से हो गई। भगवानपुर थाना क्षेत्र के पहड़िया खुर्द निवासी हलकानी बिंद के 40 वर्षीय पुत्र भानू बिंद की मौत उसके शरीर पर पेड़ गिर जाने से हो गई। वह बारिश से बचने के लिए आम के पेड़ के नीचे छुपा था। इसी दौरान तेज आंधी से बांस की खूंटी सहित पेड़ उखड़कर उसके शरीर पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। आंधी-पानी के दौरान ही बेलांव थाना क्षेत्र के पसाईं मोड़ के पास बाइक और ट्रैक्टर के बीच हुई टक्कर में बेलांव के खजुरा सरैयां निवासी मंगरू राम के 30 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण कुमार की मौत हो गई।
कैमूर में आगे कैसा रहेगा मौसम
हालांकि, दिन के वक्त तीखी धूप ने कैमूरवासियों को एक बार फिर परेशान करना भी शुरू कर दिया है। पिछले सप्ताह बीच-बीच में हुई बूंदाबांदी, तेज बारिश, नमीभरी हवा और बादल ने राहत पहुंचाया था। लेकिन, दो दिनों से फिर बदन झुलसने लगा है। कैमूर जिले में बुधवार को 40 डिग्री के पार तापमान पहुंच गया था। हालांकि अप्रैल माह में कैमूर का तापमान 45 डिग्री तक दर्ज किया गया था। मई की 18 तारीख को 46 डिग्री तापमान रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान बारिश होने का आसार नहीं दिख रहा है, जिससे गर्मी और बढ़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
बुधवार को हर घंटे तापमान बढ़ता रहा, जिससे लोग परेशान होते रहे। सुबह में 9:00 बजे 30 डिग्री, 10:00 बजे 36 डिग्री, 11:00 बजे 37 डिग्री, 12:00 बजे 38 डिग्री, 1:00 बजे 39 डिग्री, 2:00 बजे 39 डिग्री, 3:00 बजे 40 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। 14 मई को 42 डिग्री, 15 मई को 43 डिग्री, 16 मई को 41 डिग्री, 17 मई को 43 डिग्री और 19 मई 44 डिग्री अधिकतम तापमान रहने का अनुमान है। बढ़ते तापमान की वजह से दोपहर में बाजार का कारोबार भी मंदा हो जा रहा है।
सब्जी की फसल बचाने में बढ़ गया खर्च
कैमूर के किसानों ने खेतों में नेनुआ, करैला, कद्दू, भिंडी, बैगन, टमाटर, धनिया, मूली, खीरा आदि की फसल लगाई है। किसान जनार्दन सिंह बताते हैं कि जब पूरबा हवा बहती है, तब खेतों की मिट्टी में नमी बनी रहती है और फसल का उत्पादन भी बढ़ जाता है। लेकिन, अभी ऐसा नहीं है। अशोक सिंह ने कहा कि सब्जी के पौधों को बचाने के लिए सप्ताह में दो दिन सिंचाई करनी पड़ रही है।
गर्मी के कारण दोपहर में कम आ रहे ग्राहक
समाहरणालय पथ के दुकानदार संतोष कुमार व मनोज कुमार ने बताया कि तीखी धूप की वजह से दोपहर में ग्राहक काफी कम आ रहे हैं। किसी-किसी दिन तो ग्राहक आते ही नहीं। जबकि इस समय लग्न का समय चल रहा है। दुकानदार बताते हैं कि गर्मी की वजह से 30-40 प्रतिशत कारोबार प्रभावित हुआ है। इधर, दोपहर में स्कूल से घर लौट रहे प्रियांशु कुमार और पिंटू कुमार ने बताया कि सुबह में स्कूल तो आराम से चले जा रहे हैं, पर दोपहर में घर लौटने में धूप लग रही है। सिर पर टोपी है, पर बदन गर्म हो जा रहा है। बार-बार प्यास लग रही है। प्याऊं के पास जाकर प्यास बुझा रहे हैं। बोतल का पानी गर्म हो जा रहा है।




साइन इन