यह नया बिहार है, अपराधियों की ठोकाई शुरू हो गई है; पटना एनकाउंटर पर बोले जीतनराम मांझी
केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने पटना में गोपाल खेमका मर्डर केस में हथियार सप्लायर राजा उर्फ विकास की एनकाउंटर में मौत के बाद कहा कि यह नया बिहार है, यहां अपराधियों की ठोकाई शुरू हो गई है।
पटना में कारोबारी गोपाल खेमका हत्याकांड के आरोपी राजा उर्फ विकास के पुलिस एनकाउंटर के बाद राजनीति गर्मा गई है। केंद्रीय मंत्री एवं हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के सुप्रीमो जीतनराम मांझी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष को घेरा है। मांझी ने कहा कि यह नया बिहार है, यहां अपराधियों की ठोकाई शुरू हो गई है। आरजेडी पर तंज कसते हुए उन्होंने यह भी कहा कि आपराधिक घटनाओं का मतलब यह नहीं है कि अपराधियों के डर से हम शासन राक्षसों के हाथ में सौंप दें। यह वह बिहार नहीं है, जहां माफिया सीएम आवास में बठकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिलवाते थे।
जीतनराम मांझी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए गोपाल खेमका हत्याकांड के शूटर का पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का लिंक होने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शूटर उमेश यादव ने साबित कर दिया कि तेजस्वी के लोग तकरीबन हर आपराधिक वारदातों में शामिल होते हैं। इनका इलाज भी शुरू हो गया है।
पटना के नामी कारोबारी गोपाल खेमका की शुक्रवार देर रात उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस शूटर उमेश यादव और मास्टरमाइंड अशोक शाह को गिरफ्तार कर चुकी है। शाह बिल्डर है। उसने ही उमेश यादव को खेमका की सुपारी दी थी।
पुलिस ने सोमवार को अशोक और उमेश समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं, उमेश को हथियार सप्लाई करने वाले राजा उर्फ विकास की देर रात को पुलिस से मुठभेड़ के दौरान पटना के पीरदमरिया घाट के पास गोली लगने से मौत हो गई।




साइन इन