Tejashwi Yadav set to celebrate son Iraj Lalu Yadav first birthday in Ghaziabad as Lalu Rabri Family assembles in Delhi दिल्ली में जुट रहा लालू परिवार, तेजस्वी के बेटे इराज के बर्थडे पर जश्न की तैयारी, नेताओं को भी न्योता, Bihar Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में जुट रहा लालू परिवार, तेजस्वी के बेटे इराज के बर्थडे पर जश्न की तैयारी, नेताओं को भी न्योता

Iraj Lalu Yadav Birthday: राजद नेता तेजस्वी यादव के बेटे इराज लालू यादव के पहले जन्मदिन के मौके पर दिल्ली से सटे गाजियाबाद में बड़े जश्न की तैयारी है। इराज का बर्थडे मनाने लालू-राबड़ी का परिवार दिल्ली में जुट रहा है।

Mon, 25 May 2026 03:30 PMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान
share
दिल्ली में जुट रहा लालू परिवार, तेजस्वी के बेटे इराज के बर्थडे पर जश्न की तैयारी, नेताओं को भी न्योता

Iraj Lalu Yadav Birthday: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू यादव के पोते और तेजस्वी यादव के बेटे इराज लालू यादव के पहले जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए राजद का प्रथम परिवार दिल्ली में जुट रहा है। चर्चा है कि तेजस्वी यादव के बेटे का जन्मदिन दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद में मनाया जाएगा, जहां लालू यादव की चौथी बेटी रागिनी यादव रहती हैं। रागिनी के पति राहुल यादव समाजवादी पार्टी (एसपी) से जुड़े हैं। राहुल के पिता जितेंद्र यादव सपा से विधान परिषद सदस्य भी रह चुके हैं। तेजस्वी यादव बेटे के जन्मदिन की तैयारियों में जुटने के लिए रविवार को ही पटना से दिल्ली चले गए थे। याद दिला दें कि तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री ने 27 मई को कोलकाता में इराज को जन्म दिया था।

लालू यादव ने इकलौते पोते के जन्म के अगले दिन बच्चे का नाम इराज लालू यादव रखा था और यह भी बताया था कि क्यों यह नाम रखा गया। लालू यादव ने बताया था कि तेजस्वी के बेटे का जन्म बड़े मंगल के दिन हुआ है, इसलिए उसका नाम भगवान हनुमान के नाम पर इराज रखा गया है। इराज संस्कृत का शब्द है, जिसके कई मतलबों में एक अर्थ हनुमान जी भी हैं। लालू यादव ने इसी तरह 27 मार्च को चैत्र नवरात्र के छठे दिन पैदा हुई तेजस्वी की बेटी का नाम कात्यायनी रखा था। 27 मई को गाजियाबाद में इराज के पहले जन्मदिन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, भोला यादव, चितरंजन गगन समेत पार्टी के सांसद, विधायक और दूसरे नेता भी शामिल होंगे।

विपक्षी दलों के नेताओं का हो सकता है बड़ा जुटान

तेजस्वी के बेटे इराज के बर्थडे को लेकर गाजियाबाद में तैयारियां बड़े स्तर पर चल रही हैं। सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल समेत सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के कई बड़े नेताओं को लालू परिवार ने इस मौके पर आने का निमंत्रण भेजा है। बर्थडे समारोह में राजद के साथ-साथ दूसरे दलों के भी बड़े नेताओं का जुटान हो सकता है। पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी को भी न्योता भेजा गया है, जो इराज के पैदा होने के बाद बच्चे को देखने कोलकाता के निजी अस्पताल भी गई थीं।

राजद के सांसद, विधायक और विधान पार्षद के साथ-साथ सपा के कई नेता इराज के जन्मदिन पर आयोजित पार्टी में शामिल होंगे। बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव में राजद की करारी हार के बाद लालू यादव के परिवार में जश्न का यह पहला मौका है। पोते के बर्थडे के बहाने विपक्ष के नेताओं को जुटाकर लालू यादव अपनी ताकत भी दिखा रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लालू के घर में वापसी? तेजस्वी के बेटे इराज के साथ तेज प्रताप इमोशनल गाना बजा रहे
ये भी पढ़ें:पत्नी राजश्री, बेटी कात्यायनी और बेटा इराज के साथ तेजस्वी ने दिखाई फैमिली फोटो
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।